अयोध्या: दसवें दीपोत्सव पर अयोध्या के रामपथ पर रामायण साकार हो उठी। ढोल-नगाड़ों की गूंज, लोक कलाकारों के नृत्य और जय श्रीराम के जयकारों के बीच जब रथों पर सजी झांकियां आगे बढ़ीं, तो ऐसा लगा जैसे त्रेतायुग अयोध्या की धरती पर उतर आया हो। किसी झांकी में प्रभु श्रीराम, लक्ष्मण और माता सीता के दिव्य स्वरूप थे, तो किसी में गदा उठाए बजरंगबली का पराक्रम दिख रहा था। रामायण के प्रसंगों का यह सजीव मंचन श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर रहा था।
शोभायात्रा में महिला कलाकार कंधों पर ढोल रखकर थाप दे रही थीं। नगाड़ों और ताशों की गूंज के बीच कलाकारों के करतब और अलग-अलग राज्यों के लोकनृत्यों ने रामपथ को उत्सव के विशाल मंच में बदल दिया। दर्शकों की आंखों में श्रद्धा थी, चेहरों पर खुशी थी और माहौल में रामनाम गूंज रहा था। आस्था, संस्कृति और परंपरा के इस संगम ने अयोध्या की भव्यता को नई ऊंचाई दी।
पर्यटन मंत्री ने दिखाई हरी झंडी, तीन किलोमीटर चली शोभायात्रा:
पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने साकेत महाविद्यालय से हरी झंडी दिखाकर शोभायात्रा को रवाना किया। करीब तीन किलोमीटर का सफर तय करके शोभायात्रा रामकथा पार्क पहुंची। इस बार शोभायात्रा में 21 भव्य झांकियां शामिल रहीं। इनमें से 14 झांकियां योगी सरकार की उपलब्धियों पर और सात झांकियां रामायण के सातों कांडों पर आधारित थीं।
बालकांड की झांकी में रामजन्म और बाल लीलाएं दिखाई गईं। अयोध्याकांड में वनगमन, अरण्यकांड में वनवास के प्रसंग और किष्किन्धाकांड में सुग्रीव व हनुमान से मिलन को दर्शाया गया। सुंदरकांड में बजरंगबली का पराक्रम, लंकाकांड में रावण से युद्ध और उत्तरकांड की कथा भी झांकियों के जरिए पेश की गई। एक के बाद एक आगे बढ़ती झांकियों ने दर्शकों को पूरी रामायण के दर्शन करा दिए।
झांकियों में दिखी प्रदेश की विकास यात्रा:
शोभायात्रा में सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों की झांकियां भी शामिल रहीं। जल जीवन मिशन, ओडीओपी, कृषि एवं पशुपालन, आयुष्मान कैशलेस योजना, स्वच्छ एवं हरित उत्तर प्रदेश, विकसित भारत, उत्तर प्रदेश पुलिस, मिशन शक्ति, प्रधानमंत्री आवास योजना, पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, आत्मनिर्भर नारी, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर की झांकियों में प्रदेश की विकास यात्रा दिखाई दी। अलग-अलग राज्यों से आए कलाकारों के लोकनृत्यों और पारंपरिक प्रस्तुतियों ने शोभायात्रा को सांस्कृतिक विविधता का अनोखा संगम बना दिया।
दीपोत्सव अब पूरे विश्व का पर्व: जयवीर सिंह
शोभायात्रा की भव्यता देखकर पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने दीपोत्सव को अलौकिक, दिव्य और भव्य बताया। उन्होंने कहा कि आज शाम होने वाला दीपोत्सव का कार्यक्रम भी बेहद भव्य होगा और सनातनियों के लिए इससे बड़ा गौरव का पर्व नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि हर साल दीपोत्सव पिछले साल का अपना ही रिकॉर्ड तोड़ता है और इस बार भी नया कीर्तिमान बनेगा। मंत्री ने कहा कि दीपोत्सव अब सिर्फ उत्तर प्रदेश का आयोजन नहीं रहा, बल्कि पूरे विश्व का पर्व बन चुका है। उनके अनुसार, सातों कांडों की झांकियां राम में अयोध्या, सनातन में अयोध्या और विरासत में अयोध्या के दर्शन करा रही हैं।
श्रद्धालुओं ने की सराहना:
शोभायात्रा देखने पहुंचे उन्नाव के सुशील कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यकाल में अयोध्या का ऐसा दिव्य और भव्य रूप देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि दीपोत्सव और शोभायात्रा देखकर मन खुश हो गया। जौनपुर से आए राम कुमार ने रामायण की झांकियों और कलाकारों की प्रस्तुतियों की तारीफ की। बलरामपुर की सुशीला ने कहा कि रामकथा के सजीव मंचन और लोक कलाकारों की प्रस्तुतियों ने उनका मन मोह लिया।
रामपथ पर मौजूद दर्शक और श्रद्धालु शोभायात्रा के हर दृश्य को एकटक निहारते रहे। प्रभु श्रीराम के स्वरूपों के दर्शन कर कई श्रद्धालु भावुक हो उठे। किसी की आंखें श्रद्धा से नम थीं, तो कोई हाथ जोड़कर रामनाम में डूबा नजर आया। जय श्रीराम के जयकारों, ढोल-नगाड़ों की गूंज और रामायण के जीवंत प्रसंगों के बीच पूरा रामपथ भक्ति और उल्लास से भर गया। ऐसा लग रहा था कि रामकथा सिर्फ आंखों के सामने नहीं चल रही, बल्कि हर व्यक्ति के दिल में उतर रही है।
Add GTC Bharat on Google