अयोध्या: रामनगरी अयोध्या में शनिवार, 7 नवंबर को दसवें दीपोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन का स्वागत करते हुए कहा कि उनकी उपस्थिति इस पावन पर्व को ऐतिहासिक और अविस्मरणीय बनाएगी। मुख्यमंत्री ने विभिन्न देशों के राजदूतों, उच्चायुक्तों, राजनयिकों और देश-विदेश से आने वाले मेहमानों का भी स्वागत किया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि मां सरयू की पावन नगरी अयोध्या दिव्य आनंद, गौरव और भक्ति के भव्य संगम के लिए पूरी तरह तैयार है। करोड़ों सनातन धर्मावलंबियों की आस्था एक बार फिर लाखों दीपों की रोशनी के रूप में प्रकट होने जा रही है।उन्होंने कहा कि दीपोत्सव अंधकार पर प्रकाश, असत्य पर सत्य और अधर्म पर धर्म की शाश्वत विजय का संदेश देता है। यह आयोजन समानता, सद्भाव, सांस्कृतिक एकता और 'वसुधैव कुटुंबकम' की भावना को भी मजबूत करता है।

सरयू के तट पर जलेंगे 30 लाख से अधिक दीप

दसवें दीपोत्सव के अवसर पर सरयू नदी के 56 घाटों और राम की पैड़ी सहित प्रमुख स्थानों पर 30 लाख से अधिक मिट्टी के दीपक जलाने की तैयारी की गई है। दीपों की रोशनी से पूरी अयोध्या को जगमग करने की योजना है। इस वर्ष के आयोजन को और भव्य बनाने के लिए करीब 2,100 ड्रोन का विशेष शो भी आयोजित किया जाएगा। इसमें रामायण के प्रमुख प्रसंगों को आसमान में रोशनी के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा।

उपराष्ट्रपति, राज्यपाल और CM योगी करेंगे रामलला की आरती

दीपोत्सव समारोह के दौरान उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में प्रभु श्रीरामलला की आरती करेंगे। उपराष्ट्रपति मंदिर में दर्शन-पूजन करने के साथ अयोध्या में आयोजित प्रभु श्रीराम के प्रतीकात्मक राज्याभिषेक समारोह में भी शामिल होंगे। इसके अलावा वे संतों को सम्मानित करेंगे।

पांच देशों के कलाकार देंगे सांस्कृतिक प्रस्तुतियां

इस बार दीपोत्सव में अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आकर्षण का केंद्र होंगे। दक्षिण अफ्रीका, श्रीलंका, नेपाल, लाओस और थाईलैंड सहित पांच देशों के कलाकार रामायण पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। भारत और विदेशों के करीब 2,500 कलाकार 12 अलग-अलग मंचों पर अपनी प्रस्तुतियां देंगे। रामलीला और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए भगवान श्रीराम के जीवन और रामायण के विभिन्न प्रसंगों को दर्शाया जाएगा।

सरयू महाआरती में शामिल होंगे हजारों श्रद्धालु

दीपोत्सव का एक प्रमुख आकर्षण सरयू नदी के तट पर होने वाली महाआरती होगी। इस आयोजन में 2,147 लोग हिस्सा लेंगे। इनमें जनप्रतिनिधि, पार्षद और आम नागरिक शामिल होंगे। वैदिक मंत्रोच्चार और आरती के साथ सरयू तट पर विशेष धार्मिक आयोजन किया जाएगा।

भगवान राम के अयोध्या लौटने की याद में मनाया जाता है दीपोत्सव

दीपोत्सव का आयोजन भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण के 14 वर्षों का वनवास पूरा करने के बाद अयोध्या लौटने और रावण पर विजय की खुशी में किया जाता है। मान्यता के अनुसार, अयोध्यावासियों ने भगवान राम के स्वागत में पूरी नगरी को दीपों से सजाया था।

इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए उत्तर प्रदेश सरकार हर साल अयोध्या में भव्य दीपोत्सव आयोजित करती है। इस बार दसवें दीपोत्सव में 30 लाख से अधिक दीप जलाने, ड्रोन शो और अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए रामनगरी की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित करने की तैयारी है।