गाजीपुर, उत्तर प्रदेश: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को गाजीपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों पर युवाओं, किसानों, महिलाओं और व्यापारियों की सुरक्षा व हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अगर सपा के ‘पाप’ का पर्दा उठाना शुरू कर दिया जाए तो उसके नेताओं के पास कहीं मुंह दिखाने की जगह नहीं बचेगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गाजीपुर में 692 करोड़ रुपये की लागत वाली 268 जनकल्याणकारी परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने पहुंचे थे। कार्यक्रम में उन्होंने विकास कार्यों का जिक्र करने के साथ ही प्रदेश की पिछली सरकारों के कामकाज और कानून-व्यवस्था को लेकर विपक्ष पर राजनीतिक हमला बोला।
महाराज गाधि एवं माँ गंगा की पावन धारा से अभिसिंचित धरा, जनपद गाजीपुर का गौरव और विकास एक नए क्षितिज को स्पर्श कर रहा है।जनपद की विकास यात्रा को और गति प्रदान करते हुए आज गाजीपुर, जखनिया, मोहम्मदाबाद, सैदपुर, जमानियां, जहूराबाद एवं जंगीपुर विधान सभा क्षेत्रों के लिए ₹692 करोड़… pic.twitter.com/GLw5jnjxDy
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) July 30, 2026
युवाओं, किसानों और व्यापारियों को लेकर सपा पर निशाना
सीएम योगी ने कहा कि जिन लोगों ने प्रदेश में पहचान का संकट पैदा किया, युवाओं के रोजगार पर ‘डकैती’ डाली और किसानों की खुशियां छीनने का काम किया, वे आज उनकी सरकार को आईना दिखाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकार में बेटियों और व्यापारियों के सामने सुरक्षा का संकट था और विकास कार्यों को कार्यकर्ताओं के हवाले कर लूट की खुली छूट दी गई थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे लोग आज उनकी सरकार को उपदेश दे रहे हैं।
'विकसित भारत' के लिए 'विकसित उत्तर प्रदेश' और 'विकसित गाजीपुर' के निर्माण की दिशा में मिलकर कार्य करें... pic.twitter.com/x1rHXqkGev
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) July 30, 2026
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भी साधा निशाना
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने पूर्वांचल एक्सप्रेसवे का भी जिक्र किया। योगी आदित्यनाथ ने दावा किया कि समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान इस परियोजना पर जमीन पर एक इंच भी काम नहीं हुआ, जबकि इसके नाम पर धन की निकासी कर ली गई। मुख्यमंत्री के मुताबिक, भाजपा सरकार आने के बाद इस योजना पर नए सिरे से काम शुरू किया गया। उन्होंने कहा कि जमीन अधिग्रहण और एलाइनमेंट की प्रक्रिया पूरी कराने के बाद एक्सप्रेसवे का निर्माण कराया गया।
‘नो कर्फ्यू, नो दंगा’ का जिक्र
कानून-व्यवस्था को लेकर भी सीएम योगी ने सपा सरकार पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले युवाओं के लिए नौकरी निकलते ही उसमें ‘सेंधमारी’ शुरू हो जाती थी और वसूली का खेल चलता था। योगी ने कहा कि पहले पर्व-त्योहारों से पहले ही विवाद और बवाल की स्थिति बन जाती थी, जबकि अब प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति बेहतर है। उन्होंने अपनी सरकार की नीति को रेखांकित करते हुए कहा— ‘नो कर्फ्यू, नो दंगा, यूपी में है सब चंगा।’
बहनों और भाइयों,माफिया किसी के नहीं होते। ये हमेशा समाज का खून चूसते हैं, गरीबों का शोषण करते हैं और व्यापारियों में भय एवं दहशत की स्थिति पैदा करते हैं... pic.twitter.com/umk1BzXCw3
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) July 30, 2026
सालार मसूद गाजी और महाराजा सुहेलदेव का भी जिक्र
सीएम योगी ने अपने भाषण में सालार मसूद गाजी और महाराजा सुहेलदेव का भी उल्लेख किया। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों के दौरान सालार मसूद गाजी की मजार पर मेले आयोजित किए जाते थे। योगी ने कहा कि उनकी सरकार ने इस परंपरा की जगह महाराजा सुहेलदेव की स्मृति में आयोजन को प्राथमिकता दी। उनके इस बयान को पूर्वांचल की राजनीति में सामाजिक और क्षेत्रीय समीकरणों से जोड़कर भी देखा जा रहा है।
चुनाव से पहले बढ़ा सियासी पारा
गाजीपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का यह संबोधन ऐसे समय आया है, जब उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो रही हैं। मुख्यमंत्री लगातार अलग-अलग जिलों में विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास के साथ अपनी सरकार की उपलब्धियां गिना रहे हैं। गाजीपुर में भी विकास योजनाओं के मंच से उन्होंने विपक्षी दलों पर सीधा राजनीतिक हमला बोला। खासतौर पर सपा के पुराने शासन, कानून-व्यवस्था और विकास परियोजनाओं को लेकर मुख्यमंत्री के बयान चर्चा में रहे।
Add GTC Bharat on Google