अमृतसर: खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह को अपनी दादी चरण कौर के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए अदालत से एक दिन की अंतरिम जमानत मिल गई है। अमृतपाल सिंह को 14 नवंबर 2026 के लिए यह राहत दी गई है। हालांकि, असम की डिब्रूगढ़ जेल से पंजाब तक उन्हें लाने और वापस ले जाने की व्यवस्था को देखते हुए उनके वकील अब अदालत से जमानत की तारीख बदलकर 17 नवंबर करने की मांग करेंगे।
अमृतसर की स्थानीय अदालत ने शुक्रवार को अमृतपाल सिंह को एक दिन की अंतरिम जमानत देने का फैसला सुनाया। उनकी दादी चरण कौर का हाल ही में निधन हो गया था। परिवार चाहता है कि अमृतपाल सिंह अंतिम संस्कार की रस्मों में शामिल हों।
अमृतपाल के चाचा और रिश्तेदार को भी मिली राहत
अमृतपाल सिंह के वकील कर्मवीर सिंह ने मीडिया को बताया कि अदालत ने अमृतपाल सिंह को एक दिन की अंतरिम जमानत दी है। वहीं, उनके चाचा हरजीत सिंह को तीन दिन और एक अन्य रिश्तेदार सुखमन सिंह को दो दिन की जमानत मिली है। वकील के मुताबिक, कानूनी टीम अभी अदालत के विस्तृत लिखित आदेश का इंतजार कर रही है। आदेश मिलने के बाद जमानत की तारीख में बदलाव के लिए संशोधन याचिका दाखिल की जाएगी।
MP Bhai Sarabjeet Singh Khalsa has written to the President of India and the Speaker of the Lok Sabha, seeking parole for Khadoor Sahib MP Bhai Amritpal Singh to attend the last rites of his grandmother. Bhai Amritpal Singh must not be denied the right to be with his family and perform his final familial duties during this difficult time.
— Akali Dal Waris Punjab De (@officialadwpd) November 12, 2026
14 नवंबर की जगह 17 नवंबर करने की मांग
अमृतपाल सिंह के वकीलों का कहना है कि डिब्रूगढ़ जेल से उन्हें पंजाब लाना और फिर वापस ले जाना कम समय में मुश्किल हो सकता है। इसी वजह से अदालत से अनुरोध किया जाएगा कि अमृतपाल की अंतरिम जमानत की तारीख 14 नवंबर से बदलकर 17 नवंबर कर दी जाए, ताकि वह अपनी दादी के अंतिम संस्कार में शामिल हो सकें।
अमृतपाल सिंह का प्रतिनिधित्व कर रहे एक अन्य वकील इमान सिंह खारा ने भी कहा कि वे अदालत के विस्तृत आदेश का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि अमृतपाल को डिब्रूगढ़ जेल से पंजाब लाने और वापस ले जाने का खर्च परिवार को उठाना होगा।
जमानत मिलने तक अंतिम संस्कार नहीं करने का लिया था फैसला
चरण कौर के निधन के बाद परिवार ने पहले ही फैसला किया था कि जब तक अमृतपाल सिंह को अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए जमानत नहीं मिलती, तब तक उनका अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।
अदालत के फैसले से परिवार को राहत मिली है, लेकिन अब सबसे बड़ी चुनौती अमृतपाल सिंह को असम से पंजाब लाने की व्यवस्था करना है। यह भी देखना होगा कि एक दिन की जमानत में यात्रा और अंतिम संस्कार की सभी प्रक्रियाएं पूरी हो पाती हैं या नहीं। यदि अमृतपाल सिंह पंजाब पहुंचते हैं, तो गिरफ्तारी और असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद किए जाने के बाद यह उनकी पंजाब की पहली यात्रा होगी।
Add GTC Bharat on Google