Logo

UAE में भारतीय दूतावास ने जारी की एडवाइजरी; सतर्क और शांत रहने की दी सलाह...

By: GTC News Desk  |  Edited By: Preeti Kamal  |  Updated at: March 05th 2026 06:27 PM

UAE में भारतीय दूतावास ने जारी की एडवाइजरी; सतर्क और शांत रहने की दी सलाह...
UAE में भारतीय दूतावास ने जारी की एडवाइजरी; सतर्क और शांत रहने की दी सलाह...

अबू धाबी, UAE: अबू धाबी स्थित भारतीय दूतावास ने गुरुवार को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए एक एडवाइजरी जारी की है। इसमें पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव को देखते हुए भारतीयों को सतर्क और शांत रहने तथा यूएई अधिकारियों द्वारा जारी सुरक्षा दिशानिर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।

एडवाइजरी में कहा गया, “संयुक्त अरब अमीरात और क्षेत्र में मौजूदा स्थिति को देखते हुए यूएई में मौजूद सभी भारतीय नागरिकों को सलाह दी जाती है कि वे सतर्क और शांत रहें, यूएई अधिकारियों के सुरक्षा दिशानिर्देशों का पालन करें और समय-समय पर जारी आधिकारिक एडवाइजरी पर ध्यान दें।”

नियमित उड़ान सेवाएं अभी भी निलंबित

दूतावास ने स्पष्ट किया कि मौजूदा स्थिति के कारण हवाई क्षेत्र और नियमित उड़ान सेवाएं अभी भी निलंबित हैं। हालांकि, भारतीय और UAE एयरलाइंस ने UAE अधिकारियों के साथ समन्वय में भारत के कई गंतव्यों के लिए सीमित गैर-निर्धारित (नॉन-शेड्यूल्ड) उड़ानें शुरू कर दी हैं, जो संबंधित प्राधिकरणों की परिचालन और सुरक्षा मंजूरी के अधीन होंगी।

फंसे हुए भारतीय नागरिक इन उड़ानों का लाभ अपनी संबंधित एयरलाइंस से संपर्क करके ले सकते हैं। पासपोर्ट और कांसुलर सेवाओं के बारे में दूतावास ने बताया कि अबू धाबी स्थित भारतीय दूतावास और दुबई स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास, साथ ही उनके आउटसोर्स किए गए पासपोर्ट, कांसुलर और वीज़ा सेवा केंद्र सामान्य रूप से काम कर रहे हैं।

एडवाइजरी में UAE में मौजूद भारतीय नागरिकों के लिए 24×7 हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं।

  • टोल-फ्री नंबर: 800-46342
  • व्हाट्सऐप: 971 543090571

इसके अलावा नागरिक अपनी शिकायत या सवाल ईमेल के माध्यम से भी भेज सकते हैं:

  • pbsk.dubai@mea.gov.in
  • ca.abudhabi@mea.gov.in

विदेशों में रह रहे भारतीयों की सुरक्षा सर्वोपरि

दूतावास ने यह भी कहा कि भारत सरकार विदेशों में रह रहे भारतीयों की सुरक्षा और कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है और हालात पर उच्च स्तर पर नजर रखी जा रही है। अबू धाबी स्थित भारतीय दूतावास और दुबई स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास UAE प्रशासन और भारतीय समुदाय के नेताओं के साथ लगातार संपर्क में हैं ताकि वहां रह रहे भारतीयों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

दूतावास और वाणिज्य दूतावास नई एडवाइजरी जारी करते रहेंगे

एडवाइजरी के अनुसार, दूतावास और वाणिज्य दूतावास अपनी वेबसाइट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए समय-समय पर अपडेट और नई एडवाइजरी जारी करते रहेंगे।

यह एडवाइजरी ऐसे समय में जारी की गई है जब अमेरिका और इज़राइल ने ईरान के कई शहरों में समन्वित हवाई हमले किए। इन हमलों में सैन्य कमांड सेंटर, एयर-डिफेंस सिस्टम, मिसाइल ठिकानों और प्रमुख सरकारी ढांचे को निशाना बनाया गया। हमलों के दौरान तेहरान और अन्य प्रमुख शहरों में बड़े विस्फोटों की खबरें भी सामने आईं।