नई दिल्ली: कोरिया गणराज्य के राष्ट्रपति ली जे-म्युंग (Lee Jae-myung) रविवार को भारत की राजकीय यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचने वाले हैं, विदेश मंत्रालय (MEA) ने जानकारी दी। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जयसवाल ने एक्स (X) पर लिखा, “कोरिया गणराज्य के राष्ट्रपति ली जे-म्यंग जल्द ही भारत की राजकीय यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचेंगे।”
यह तीन दिवसीय यात्रा 19 से 21 अप्रैल तक चलेगी, जिसका उद्देश्य भारत और दक्षिण कोरिया के बीच “विशेष रणनीतिक साझेदारी” को और मजबूत करना है, जिसमें रक्षा, हाई-टेक मैन्युफैक्चरिंग और क्षेत्रीय सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
H.E. President Lee Jae Myung of the Republic of Korea will be shortly arriving in New Delhi for a State Visit to India. 🎥 Watch glimpses of the multifaceted and special strategic India - ROK partnership ⬇️ pic.twitter.com/bmzDRmnupo
— Randhir Jaiswal (@MEAIndia) April 19, 2026
एयरफोर्स स्टेशन पालम में होगा स्वागत
राष्ट्रपति के आगमन पर एयरफोर्स स्टेशन पालम में उनका स्वागत किया जाएगा। उनकी पहली बड़ी बैठक विदेश मंत्री एस जयशंकर के साथ होगी। सोमवार को राष्ट्रपति को राष्ट्रपति भवन में औपचारिक स्वागत मिलेगा और वे राजघाट पर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय शिखर सम्मेलन होगा, जिसमें सेमीकंडक्टर, ग्रीन एनर्जी, रक्षा उत्पादन और व्यापार जैसे मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
भारत-दक्षिण कोरिया आपसी साझेदारी पर चर्चा
इसके बाद भारत और दक्षिण कोरिया के साझा दृष्टिकोण को लेकर संयुक्त प्रेस बयान जारी किया जाएगा। राष्ट्रपति ली भारत मंडपम में बिजनेस फोरम में भी शामिल होंगे, जहां दोनों देशों के उद्योग जगत के बड़े प्रतिनिधि निवेश और आपूर्ति श्रृंखला पर चर्चा करेंगे। यह यात्रा राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात के साथ समाप्त होगी, जिसके बाद वे मंगलवार को भारत से प्रस्थान करेंगे।