Red Fort Blast: नौगाम में NIA की कई ठिकानों पर छापेमारी...

By  Preeti Kamal March 23rd 2026 04:30 PM -- Updated: March 23rd 2026 03:43 PM

नौगाम, जम्मू-कश्मीर: राष्ट्रीय जाँच एजेंसी (NIA) की टीमों ने दिल्ली लाल किला ब्लास्ट मामले में जम्मू-कश्मीर के नौगाम में कई स्थानों पर छापेमारी की है। छापेमारी अभी जारी है और इस संबंध में अधिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है। इससे पहले आज ही NIA की टीमों ने इसी मामले में जम्मू-कश्मीर के हंदवाड़ा के गुलूरा इलाके में एक कारोबारी के घर पर भी छापा मारा था। NIA अधिकारी परिसर की तलाशी लेने और दस्तावेजों व इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच में जुटे हुए हैं।

10 नवंबर 2025 को शाम करीब 7 बजे  लाल किला के पास एक कार में तेज धमाका हुआ था। इस धमाके में 15 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि दो दर्जन से अधिक लोग घायल हुए थे। यह विस्फोट एक चलती हुई हुंडई i20 कार में हुआ था, जिसे कथित आत्मघाती हमलावर उमर उन नबी चला रहा था।

इस मामले में हो चुकी हैं कई गिरफ्तारियां

घटना के अगले दिन NIA ने यह मामला दिल्ली पुलिस से अपने हाथ में लेकर बड़े स्तर पर तलाशी अभियान शुरू किया था। NIA ने सबसे पहले 16 नवंबर 2025 को आमिर राशिद मीर को गिरफ्तार किया था। इसके बाद अन्य आरोपियों—जैसे जासिर बिलाल वानी, मुफ्ती इरफान अहमद, डॉ. मुजम्मिल शकील, डॉ. आदिल अहमद राठर, डॉ. शाहीन सईद और सोएब—को अलग-अलग तारीखों पर गिरफ्तार किया गया।

इस महीने की शुरुआत में पटियाला हाउस स्थित विशेष NIA अदालत ने जमीर अहमद आहंगर और तुफैल अहमद भट को 15 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा था। पूछताछ के बाद उन्हें अदालत में पेश किया गया था। विशेष NIA जज पितंबर दत्त ने दोनों आरोपियों को 15 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा। NIA ने दोनों के लिए 15 दिन की न्यायिक हिरासत की मांग की थी।

अब तक कुल 11 गिरफ्तारियां हुईं

25 फरवरी को विशेष NIA अदालत ने दोनों आरोपियों को 10 दिन की NIA हिरासत में भेजा था, जिसके बाद 6 मार्च को उनकी रिमांड 5 दिन के लिए और बढ़ा दी गई थी। जम्मू-कश्मीर के इन दोनों आरोपियों को अंसार गजवत-उल-हिंद (AGH) आतंकी संगठन से कथित संबंध और मुख्य आरोपी को हथियार सप्लाई करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।

NIA के बयान के अनुसार, गांदरबल के जमीर अहमद आहंगर और श्रीनगर के तुफैल अहमद भट, AGH के सक्रिय ओवरग्राउंड वर्कर (OGW) हैं। इस मामले में अब तक कुल गिरफ्तारियों की संख्या 11 हो चुकी है।

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.