पुरानी रंजिश में पार्क में बुलाकर युवक की हत्या, पुलिस ने 18 घंटे में सुलझाया केस...
पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी शहनवाज पहले एक लूट के मामले में भी शामिल रह चुका है। मामले की आगे की जांच जारी है।
नई दिल्ली: दिल्ली के जगत प्रवेश चंद्र (जेपीसी) अस्पताल के पास स्थित डीडीए पार्क में एक युवक की चाकू मारकर हत्या करने के आरोप में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। नई उस्मानपुर थाना पुलिस ने महज 18 घंटे के भीतर मामले का खुलासा कर आरोपियों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शहनवाज (21), नूर हसन (20) और अनस (21) के रूप में हुई है। तीनों दिल्ली के सीलमपुर इलाके के रहने वाले हैं। यह घटना शनिवार सुबह की है।
पुलिस के अनुसार, सूचना मिलने पर टीम मौके पर पहुंची, जहां एक युवक गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा मिला। उसे तत्काल जेपीसी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान तोहीद के रूप में हुई
मृतक की पहचान तोहीद (20) के रूप में हुई, जो न्यू सीलमपुर का निवासी था। इस मामले में नई उस्मानपुर थाना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। थाना प्रभारी के.एल. यादव के नेतृत्व में और सीलमपुर के सहायक पुलिस आयुक्त मलकीयत सिंह की निगरानी में पुलिस टीम ने विभिन्न स्रोतों से अहम सुराग जुटाए।
साक्ष्यों के आधार पर हुई तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी
जांच के दौरान पता चला कि मृतक का कुछ लोगों से पहले विवाद हुआ था। साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने हत्या की बात कबूल कर ली। आरोपियों ने बताया कि मृतक ने पहले नूर हसन को थप्पड़ मारा था और शहनवाज को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी। इसका बदला लेने के लिए तीनों ने साजिश रची, तोहीद को पार्क में बुलाया और चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी शहनवाज पहले एक लूट के मामले में भी शामिल रह चुका है। मामले की आगे की जांच जारी है।