E20 ईंधन विवाद: अमित मालवीय के दावों पर केजरीवाल का पलटवार

केजरीवाल ने दिल्ली के पेट्रोल पंपों और सर्विस स्टेशनों का दौरा कर वाहन चालकों और वाहन मालिकों से बातचीत की। उन्होंने दावा किया कि E20 पेट्रोल इस्तेमाल करने के बाद लोगों ने माइलेज कम होने और वाहनों में मैकेनिकल दिक्कतें आने की शिकायत की।

By  Preeti Kamal July 12th 2026 06:30 PM -- Updated: July 12th 2026 05:54 PM

नई दिल्ली: देश में E20 (20% एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल) को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और भाजपा आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय के बीच सोशल मीडिया पर तीखी जुबानी जंग छिड़ गई है। अमित मालवीय के X पर किए गए दावों का जवाब देते हुए पूर्व दिल्ली मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आरोप लगाया कि भाजपा नेता केंद्र सरकार द्वारा दिए गए गलत तथ्यों को आगे बढ़ा रहे हैं।

केजरीवाल ने X पर लिखा, "आपके कई तथ्य गलत हैं। आपकी सरकार आपको गलत तथ्य देकर आगे कर देती है। शर्म आपकी है।" यह प्रतिक्रिया अमित मालवीय के उस बयान के बाद आई, जिसमें उन्होंने केजरीवाल पर E20 पेट्रोल को लेकर झूठ और डर फैलाने की राजनीति करने का आरोप लगाया था। शनिवार को केजरीवाल दिल्ली के कई पेट्रोल पंपों और सर्विस सेंटरों पर जाकर लोगों से E20 पेट्रोल के प्रभाव के बारे में बातचीत की थी।

E20 से वाहन खराब होता तो परिवहन तंत्र ठप हो गया होता- अमित मालवीय 

अमित मालवीय ने कहा कि यदि E20 पेट्रोल से वास्तव में बड़ी संख्या में वाहन खराब हो रहे होते, तो पिछले पांच वर्षों में देश का पूरा परिवहन तंत्र ठप हो गया होता। उन्होंने लिखा, "अरविंद केजरीवाल एक बार फिर झूठ और डर फैलाने की राजनीति कर रहे हैं। अगर E20 पेट्रोल से बड़े पैमाने पर वाहन खराब हो रहे होते, तो देशभर की सड़कें बंद पड़े वाहनों से भर गई होतीं।"

सरकार की एथेनॉल ब्लेंडिंग नीति का बचाव करते हुए मालवीय ने दावा किया कि E15 ईंधन 2021 से, E19 वर्ष 2024 से और E20 अप्रैल 2025 से उपलब्ध है। उन्होंने कहा, "आज लगभग 2.5 करोड़ पेट्रोल कारें और 20 करोड़ से अधिक दोपहिया वाहन E15 मिश्रित ईंधन पर चल रहे हैं।"

E20 से गाड़ी के इंजन खराब होता तो उसका असर दिखता- अमित मालवीय

मालवीय ने यह भी कहा कि यदि E20 वास्तव में इंजनों को नुकसान पहुंचा रहा होता, तो सेकेंड हैंड कार बाजार, बीमा प्रीमियम और पेट्रोल वाहनों की रीसेल वैल्यू पर इसका स्पष्ट असर दिखाई देता। उन्होंने दावा किया कि भारत का सेकेंड हैंड कार बाजार हर साल करीब 60 लाख वाहनों का कारोबार करता है, जिसकी कीमत 40 अरब डॉलर से अधिक है और वर्ष 2031 तक इसके 70-82 अरब डॉलर तक पहुंचने का अनुमान है।

वीडियो दिखाकर झूठ फैला रहे हैं केजरीवाल- अमिल मालवीय

अमित मालवीय ने कहा कि चुनिंदा वीडियो दिखाकर झूठ फैलाया जा सकता है, लेकिन तथ्यों को बदला नहीं जा सकता। वहीं, शनिवार को अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के पेट्रोल पंपों और सर्विस स्टेशनों का दौरा कर वाहन चालकों और वाहन मालिकों से बातचीत की। उन्होंने दावा किया कि E20 पेट्रोल इस्तेमाल करने के बाद लोगों ने माइलेज कम होने और वाहनों में मैकेनिकल दिक्कतें आने की शिकायत की।

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.