मालवीय नगर अग्निकांड: दिल्ली पुलिस ने होटल के रसोइए को किया गिरफ्तार, 21 लोगों की गई थी जान

By  Preeti Kamal June 6th 2026 11:55 AM -- Updated: June 6th 2026 11:07 AM

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस ने मालवीय नगर अग्निकांड मामले में होटल के एक रसोइए को गिरफ्तार किया है। इस भीषण हादसे में कई विदेशी नागरिकों सहित कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई थी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जांच में सामने आया है कि रसोइए की लापरवाही के कारण आग लगी थी। मामले में पुलिस ने कुछ अन्य लोगों को भी हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।

दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर स्थित एक बेड-एंड-ब्रेकफास्ट प्रतिष्ठान में बुधवार तड़के भीषण आग लग गई थी। इस हादसे में 17 विदेशी नागरिकों सहित कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए थे। जांच के दौरान अधिकारियों को भवन की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था में कई गंभीर खामियां और सुरक्षा नियमों के उल्लंघन मिले।

सुरक्षित बचने के लिए रास्ता नहीं था- सूत्र

सूत्रों के मुताबिक, भवन की खिड़कियां और कांच के पैनल पूरी तरह से बंद कर दिए गए थे, जिससे धुआं बाहर निकलने का कोई रास्ता नहीं बचा था। जांचकर्ताओं ने यह भी पाया कि बेसमेंट का प्रवेश द्वार अंदर से बंद था। बचाव दल को बेसमेंट तक पहुंचने में लगभग 10 मिनट का समय लगा, जहां से 6 से 7 लोगों को सुरक्षित निकाला गया।

इस बीच, साकेत स्थित मैक्स अस्पताल में भर्ती 15 घायल मरीजों का इलाज जारी है। अस्पताल द्वारा जारी बयान के अनुसार, वेंटिलेटर पर मौजूद सभी मरीजों की हालत स्थिर है और उनमें सुधार के संकेत दिखाई दे रहे हैं। बयान में कहा गया कि नौ अन्य मरीजों का इलाज आईसीयू और अस्पताल के विभिन्न वार्डों में चल रहा है। अस्पताल में भर्ती सभी मरीजों की स्थिति फिलहाल स्थिर बनी हुई है।

होटल मालिक समेत स्वीटी सरकार और पुष्पो सरकार गिरफ्तार

इस मामले में पुलिस पहले ही होटल मालिक लवकेश बजाज, स्वीटी सरकार और पुष्पो सरकार को गिरफ्तार कर चुकी है। जांच पूरी होने के बाद आरोपियों के खिलाफ अदालत में आरोप-पत्र (चार्जशीट) भी दाखिल किया गया है। मालवीय नगर स्थित फ्लोरिश स्टेज होटल के मालिक लवकेश बजाज को इस अग्निकांड के संबंध में चार दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया है। इस हादसे में 28 लोग घायल भी हुए थे।

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.