88 वर्ष की उम्र में भाजपा के वरिष्ठ नेता रामचंद्र गौड़ा का निधन, पीएम मोदी ने दी श्रद्धांजलि
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी रामचंद्र गौड़ा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उन्होंने भारतीय जनसंघ और भाजपा को कर्नाटक में मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा, "जनप्रतिनिधि के रूप में उन्होंने हमेशा जनकल्याण के मुद्दों को प्राथमिकता दी और राज्य के विकास के लिए निरंतर कार्य किया।"
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को वरिष्ठ भाजपा नेता रामचंद्र गौड़ा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि रामचंद्र गौड़ा ने कर्नाटक में भाजपा संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया और अपना पूरा जीवन पार्टी एवं जनसेवा को समर्पित किया। 88 वर्षीय रामचंद्र गौड़ा का मंगलवार को बेंगलुरु के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, "वरिष्ठ भाजपा नेता श्री रामचंद्र गौड़ा जी के निधन से अत्यंत दुखी हूं।"
उन्होंने कहा, "कर्नाटक में हमारी पार्टी के मजबूत स्तंभ रहे रामचंद्र गौड़ा जी ने दशकों तक जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने और कई पीढ़ियों के कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पार्षद, एमएलसी और मंत्री के रूप में उनका सार्वजनिक जीवन अटूट प्रतिबद्धता और समर्पित सेवा का प्रतीक रहा।" प्रधानमंत्री ने उनके परिवार, समर्थकों और प्रशंसकों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा, "मेरी हार्दिक संवेदनाएं उनके परिवार, समर्थकों और अनगिनत प्रशंसकों के साथ हैं। ॐ शांति।"
अमित शाह ने भी दी श्रद्धांजलि
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी रामचंद्र गौड़ा के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने अंतिम सांस तक राष्ट्रवाद की विचारधारा के लिए काम किया और कर्नाटक में भाजपा को जमीनी स्तर से मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने लिखा, "रामचंद्र गौड़ा जी ने राष्ट्रवाद के उद्देश्य के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित किया। मंत्री के रूप में उन्होंने सुशासन को मजबूत करने में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया।" शाह ने उनके परिवार और समर्थकों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा, "इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और प्रशंसकों के साथ हैं। ॐ शांति।"
जेपी नड्डा ने भी जताया शोक
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी रामचंद्र गौड़ा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उन्होंने भारतीय जनसंघ और भाजपा को कर्नाटक में मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा, "जनप्रतिनिधि के रूप में उन्होंने हमेशा जनकल्याण के मुद्दों को प्राथमिकता दी और राज्य के विकास के लिए निरंतर कार्य किया।"