रोहिणी बिल्डिंग हादसे पर सौरभ भारद्वाज का हमला, बोले- 'सुरक्षा ऑडिट सिर्फ दिखावा था'
पुलिस ने बताया कि संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच जारी है। यह हादसा ऐसे समय हुआ है जब बुधवार रात से हो रही भारी बारिश ने दिल्ली-एनसीआर में जनजीवन प्रभावित कर दिया है।
नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी (आप) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने गुरुवार को रोहिणी में चार लोगों की जान लेने वाली इमारत ढहने की घटना को लेकर बीजेपी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे मामलों में "जीरो अकाउंटेबिलिटी" है और भवन सुरक्षा ऑडिट केवल दिखावा बनकर रह गए हैं, जबकि जिम्मेदार लोगों को बचाया जा रहा है।
एक्स पर पोस्ट करते हुए सौरभ भारद्वाज ने लिखा, "जीरो अकाउंटेबिलिटी। रोहिणी में इमारत गिरने की घटना में अब तक चार लोगों की मलबे से मौत हो चुकी है और तीन लोग घायल हुए हैं। सैदुलाजाब (साकेत) में हुई बिल्डिंग गिरने की घटना से चार इंजन वाली बीजेपी सरकार ने आखिर क्या सीखा?"
बीजेपी सरकार पर सौरभ भारद्वाज ने लगाए कई आरोप
सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार ने दावा किया था कि दिल्ली की सभी इमारतों का सुरक्षा ऑडिट कराया गया है और खतरनाक भवनों की पहचान कर ली गई है, लेकिन इसके बावजूद ऐसी घटनाएं नहीं रुक सकीं। उन्होंने कहा, "ऐसा लगता है कि सरकार और एमसीडी ने सुरक्षा ऑडिट के नाम पर कारोबारियों पर दबाव बनाकर उनसे भारी रिश्वत वसूली। पूरा अभियान सिर्फ एक दिखावा था।"
उन्होंने कहा, "हर बार ऐसी घटना में निर्दोष लोगों की जान जाती है और बीजेपी सरकार किसी जेई या एई को निलंबित कर देती है। कुछ हफ्तों बाद वे फिर नौकरी पर लौट आते हैं और सब कुछ पहले जैसा चलने लगता है। चाहे राम मंदिर का मामला हो, 650 करोड़ रुपये का स्वास्थ्य घोटाला, बिल्डिंग गिरने की घटनाएं हों या आग लगने की घटनाएं, कार्रवाई सिर्फ छोटे अधिकारियों पर होती है, जबकि बड़े लोग सरकार के संरक्षण में रहते हैं।"
दिल्ली में जलभराव को लेकर बीजेपी पर साधा निशाना
एक अन्य पोस्ट में सौरभ भारद्वाज ने भारी बारिश के बाद दिल्ली में हुए जलभराव को लेकर भी बीजेपी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने लिखा, "दिल्ली में विकास हर तरफ बहता हुआ दिखाई दे रहा है। सड़क अभी बनी थी, पैसा अभी खर्च हुआ था और अब पानी के साथ-साथ बीजेपी सरकार की इज्जत भी बह रही है।"
हादसे में 4 की मौत, 1 के घायल होने की खबर
सौरभ भारद्वाज की यह टिप्पणी गुरुवार दोपहर रोहिणी में निर्माणाधीन चार मंजिला इमारत गिरने की घटना के बाद आई। अधिकारियों के अनुसार, इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हुआ। मृतकों की पहचान नूरुल हुडा (20), राम दुआ (51) और राम (42) के रूप में हुई है, जबकि एक अन्य घायल ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घायल सद्दाम (34) का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पुलिस ने दर्ज की कई धाराओं में FIR, मामले की जांच जारी
पुलिस ने बताया कि संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच जारी है। यह हादसा ऐसे समय हुआ है जब बुधवार रात से हो रही भारी बारिश ने दिल्ली-एनसीआर में जनजीवन प्रभावित कर दिया है। मेहरौली-बदरपुर रोड, बुराड़ी और अक्षरधाम के पास एनएच-24 सहित कई इलाकों में भारी जलभराव और ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रही। वहीं नोएडा और गाजियाबाद में भी कई स्थानों पर जलभराव देखा गया, जबकि दक्षिणी दिल्ली में कई जगह पेड़ गिरने से यातायात प्रभावित हुआ।