CM मान ने लॉन्च किया 'पंजाब दा करोड़पति' पोर्टल, एक विजेता को मिलेगा ₹1 करोड़; जानें कैसे करें रजिस्ट्रेशन

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पंजाब दा करोड़पति पोर्टल लॉन्च किया है। 15 से 30 साल के युवा मुफ्त पंजीकरण कर प्रतियोगिता में हिस्सा ले सकते हैं। विजेता को एक करोड़ रुपये मिलेंगे, जबकि अन्य प्रतिभागियों के लिए भी नकद पुरस्कार रखे गए हैं।

By  Preeti Kamal November 14th 2026 02:35 PM -- Updated: November 14th 2026 02:20 PM

चंडीगढ़: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने राज्य के युवाओं के लिए 'पंजाब दा करोड़पति' (Punjab Da Crorepati) क्विज प्रतियोगिता का पोर्टल लॉन्च कर दिया है। पंजाब सरकार के उच्च शिक्षा एवं भाषा विभाग की ओर से शुरू की गई इस प्रतियोगिता के तहत एक विजेता को 1 करोड़ रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। इसका उद्देश्य युवाओं को पंजाब के इतिहास, संस्कृति, भाषा और समृद्ध विरासत से जोड़ना है।

इस प्रतियोगिता की टैगलाइन 'सीखो, खेलो और जीतो' रखी गई है। 15 से 30 वर्ष तक की उम्र के युवा इसमें मुफ्त रजिस्ट्रेशन कराकर हिस्सा ले सकते हैं। प्रतियोगिता पंजाबी और अंग्रेजी, दोनों भाषाओं में उपलब्ध होगी।

50 हजार सवालों का होगा प्रश्न बैंक

मुख्यमंत्री भगवंत मान के मुताबिक, प्रतियोगिता के लिए लगभग 50 हजार सवालों का प्रश्न बैंक तैयार किया गया है। इसमें पंजाब का इतिहास, संस्कृति, विरासत, पंजाबी भाषा और पंजाबियत से जुड़े सवाल शामिल होंगे। इसके अलावा गणित और प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित विषयों को भी शामिल किया गया है।

चार चरणों में होगी प्रतियोगिता

'पंजाब दा करोड़पति' प्रतियोगिता को चार चरणों में आयोजित किया जाएगा।

  • पहला चरण – रजिस्ट्रेशन: इच्छुक युवा अपने मोबाइल नंबर और ओटीपी के माध्यम से पहचान सत्यापित करके मुफ्त पंजीकरण कर सकते हैं। आवेदन के दौरान स्कूल या कॉलेज (यदि लागू हो) और जिला चुनना होगा।
  • दूसरा चरण – ऑनलाइन क्विज: रजिस्ट्रेशन के बाद प्रतिभागी अपने मोबाइल नंबर से लॉगिन करके ऑनलाइन सवालों के जवाब देंगे। प्रत्येक सवाल के लिए 20 सेकंड का समय मिलेगा। इस दौरान पॉज की सुविधा नहीं होगी।
  • तीसरा चरण – जिला और राज्य स्तर: ऑनलाइन क्विज में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को जिला स्तरीय फाइनल और उसके बाद राज्य स्तर के मुकाबले में आगे बढ़ने का मौका मिलेगा।
  • चौथा चरण – ग्रैंड फिनाले: जिला स्तर पर चयनित प्रतिभागी ग्रैंड फिनाले में पहुंचेंगे। यहां मुख्य विजेता 1 करोड़ रुपये के पुरस्कार के लिए मुकाबला करेंगे।

₹1 करोड़ के अलावा भी मिलेंगे कई बड़े नकद पुरस्कार

इस प्रतियोगिता में केवल एक करोड़ रुपये का पुरस्कार ही नहीं, बल्कि हजारों प्रतिभागियों के लिए अन्य नकद इनाम भी रखे गए हैं। पुरस्कारों का विवरण इस प्रकार है:

विजेताओं की संख्यानकद पुरस्कार
1 विजेता ₹1 करोड़
4 विजेता ₹10-10 लाख
8 विजेता ₹5-5 लाख
10 विजेता ₹3-3 लाख
46 विजेता ₹1-1 लाख

इसके अलावा 10 हजार से अधिक अन्य नकद पुरस्कार भी रखे गए हैं।

कैसे करें रजिस्ट्रेशन?

प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के इच्छुक युवा ऑनलाइन पोर्टल पर जाकर अपना पंजीकरण कर सकते हैं। रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया इस प्रकार है:

- मोबाइल नंबर दर्ज करके ओटीपी के जरिए पहचान सत्यापित करें।

- अपनी शैक्षणिक जानकारी भरें।

- स्कूल या कॉलेज का नाम (यदि लागू हो) दर्ज करें।

- अपना जिला चुनें।

- रजिस्ट्रेशन पूरा करके ऑनलाइन क्विज में हिस्सा लें।

ध्यान दें: रजिस्ट्रेशन पूरी तरह मुफ्त है। प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए किसी प्रकार की फीस नहीं रखी गई है।

युवाओं को पंजाब की विरासत से जोड़ने की पहल

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इस प्रतियोगिता को केवल पुरस्कार जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि युवाओं के ज्ञान और सीखने की क्षमता को बढ़ाने का अवसर बताया है। सरकार का उद्देश्य नई पीढ़ी को पंजाब के इतिहास, भाषा, संस्कृति और विरासत के प्रति जागरूक करना है।

Related Post

पंजाब के युवाओं के लिए CM भगवंत मान का बड़ा ऐलान, 'पंजाब दा करोड़पति' में जीतें 1 करोड़ रुपये
पंजाब में 24 लाख परिवारों को बिजली बिल पर बड़ी राहत, भगवंत मान सरकार ने किया 518 करोड़ रुपये का जुर्माना और ब्याज माफ
कौन हैं सोनिया मान? पंजाबी फिल्मों की अभिनेत्री से राजनीति तक का सफर, AAP ने राजा सांसी से दिया टिकट
पंजाब: सांसद अमृतपाल सिंह को दादी के अंतिम संस्कार के लिए एक दिन की अंतरिम जमानत, वकील अब तारीख बदलने की मांग करेंगे
पंजाब विधानसभा चुनाव 2027: AAP ने जारी की 31 उम्मीदवारों की दूसरी सूची, अब तक 71 सीटों पर उतारे प्रत्याशी
पंजाब में BJP की बठिंडा रैली के क्या हैं मायने? अकाली दल के गढ़ में शक्ति प्रदर्शन की तैयारी

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.