चंडीगढ़: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान राज्य के युवाओं के लिए एक बड़ी पहल करने जा रहे हैं। मुख्यमंत्री आज दोपहर 12 बजे चंडीगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। इस दौरान वह युवाओं के लिए 'पंजाब दा करोड़पति' प्रतियोगिता शुरू करने का ऐलान करेंगे। इस प्रतियोगिता के विजेता को 1 करोड़ रुपये का नकद इनाम दिया जाएगा।
जानकारी के मुताबिक, 'पंजाब दा करोड़पति' प्रतियोगिता में 15 से 30 साल तक की उम्र के युवा हिस्सा ले सकेंगे। प्रतियोगिता का उद्देश्य पंजाब के युवाओं को राज्य की भाषा, संस्कृति और विरासत से जोड़ना है।इस प्रतियोगिता में पंजाब, पंजाबी और पंजाबियत से जुड़े विषयों पर सवाल पूछे जाएंगे। यानी युवाओं को अपनी जानकारी और ज्ञान के दम पर करोड़पति बनने का मौका मिलेगा।
विजेता को मिलेगा 1 करोड़ रुपये का इनाम
इस प्रतियोगिता का सबसे बड़ा आकर्षण इसका 1 करोड़ रुपये का नकद पुरस्कार होगा। प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले युवाओं को पंजाब के इतिहास, संस्कृति, भाषा और परंपराओं से जुड़े सवालों का सामना करना होगा। हालांकि, प्रतियोगिता के लिए आवेदन प्रक्रिया, चयन के नियम, आयोजन का प्रारूप और अन्य शर्तों की विस्तृत जानकारी मुख्यमंत्री की प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद सामने आने की उम्मीद है।
दोपहर 12 बजे CM भगवंत मान करेंगे प्रेस कॉन्फ्रेंस
मुख्यमंत्री भगवंत मान आज चंडीगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान इस प्रतियोगिता से जुड़ी जानकारी साझा करेंगे। युवाओं की भागीदारी, प्रतियोगिता के नियम और पुरस्कार से संबंधित आधिकारिक विवरण का इंतजार है।
Add GTC Bharat on Google