उत्तराखंड: CM धामी के कार्यक्रम में कांग्रेस विधायक का हंगामा, मंच पर तोड़ी माइक और फेंकी कुर्सियां; दी उपचुनाव की चुनौती

उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में जौलजीबी मेले के उद्घाटन समारोह में कांग्रेस विधायक हरीश धामी ने हंगामा किया। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को उपचुनाव की चुनौती दी और भ्रष्टाचार, लिपुलेख सड़क तथा कनार के लोगों के आंदोलन पर सवाल उठाए।

By  Preeti Kamal November 15th 2026 04:30 PM -- Updated: November 15th 2026 04:01 PM

पिथौरागढ़, उत्तराखंड: उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में शनिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यक्रम के दौरान जमकर हंगामा हुआ। ऐतिहासिक जौलजीबी मेले के उद्घाटन समारोह में कांग्रेस विधायक हरीश धामी (Harish Dhami) ने कथित तौर पर बोलने का मौका नहीं दिए जाने पर नाराजगी जताई। कार्यक्रम के बाद विधायक और उनके समर्थकों पर मंच से कुर्सियां फेंकने और माइक तोड़ने का आरोप लगा। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस विधायक हरीश धामी ने आरोप लगाया कि उन्हें मंच से अपनी बात रखने का अवसर नहीं दिया गया। इसी बात को लेकर उनकी नाराजगी बढ़ गई और कार्यक्रम समाप्त होने के बाद उन्होंने विरोध जताते हुए हंगामा किया।

मुख्यमंत्री पर भ्रष्टाचार के आरोप, उपचुनाव की दी चुनौती

इस दौरान विधायक ने मुख्यमंत्री को कायर बताते हुए उन्हें धारचूला विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने की चुनौती दी। उनके समर्थकों पर भी मंच पर कुर्सियां फेंकने और माइक तोड़ने का आरोप है। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को मौके पर पहुंचना पड़ा। हंगामे के बाद कांग्रेस विधायक ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डर के कारण उनसे मुकाबला करने से बच रहे हैं, जबकि उन्होंने खुद कभी कोई गलत काम नहीं किया है।

हरीश धामी ने कहा कि वह किसी भी कार्रवाई से डरने वाले नहीं हैं। उनके मुताबिक, मुख्यमंत्री ने उन्हें वर्षों से कानूनी मामलों में उलझा रखा है, लेकिन वह एक और मुकदमे का सामना करने के लिए भी तैयार हैं।  विधायक ने कहा, "हमारे लिए हथकड़ियां गहने की तरह हैं।" उन्होंने मुख्यमंत्री को सीधे उपचुनाव लड़ने की चुनौती देते हुए कहा कि अगर उनमें हिम्मत है तो वह आज ही उनसे उपचुनाव में मुकाबला करें। उन्होंने दावा किया कि वह मुख्यमंत्री की जमानत जब्त करा देंगे।

लिपुलेख सड़क को लेकर CM धामी पर साधा निशाना

कांग्रेस विधायक ने लिपुलेख तक बनी सड़क को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के बयान पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आठ साल के एक बच्चे की मौत का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री पर संवेदनहीनता का आरोप लगाया।

हरीश धामी ने कहा कि एक आठ साल के बच्चे की जान चली गई, लेकिन मुख्यमंत्री को इसका कोई अफसोस नहीं है। इसके बजाय वह लिपुलेख तक सुंदर सड़क बनाने की बात कर रहे हैं। विधायक ने सवाल उठाया कि बच्चे के परिवार से मुलाकात कर शोक जताने के अगले ही दिन मुख्यमंत्री ने ऐसा बयान कैसे दिया।

कनार के लोगों के आंदोलन का भी उठाया मुद्दा

हरीश धामी ने कनार के लोगों की समस्याओं को लेकर भी मुख्यमंत्री पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बिटौड़ागढ़ में कनार के लोग अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे हैं, लेकिन सरकार की ओर से उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं की गई। विधायक के मुताबिक, उन्हें उम्मीद थी कि मुख्यमंत्री इस मामले में कोई प्रतिनिधि भेजकर प्रदर्शनकारियों से बातचीत करेंगे और उनका आंदोलन समाप्त कराने की कोशिश करेंगे।

उन्होंने आठ वर्षीय बच्चे के परिवार से सरकार के किसी प्रतिनिधि की मुलाकात की भी मांग की। विधायक ने कहा कि सरकार को सड़क से जुड़ी कथित लापरवाही की जिम्मेदारी स्वीकार करनी चाहिए और यह सुनिश्चित करना चाहिए कि भविष्य में इस रास्ते पर किसी दूसरे बच्चे की जान न जाए।

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.