चमोली, उत्तराखंड: उत्तराखंड के चमोली जिले में जोशीमठ के पास हेलिकॉप्टर क्रैश हो गया। हादसा चिएं (Chaien) गांव के नजदीक हुआ। हेलिकॉप्टर में कुल 6 लोग सवार बताए जा रहे हैं। घटना के बाद जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की टीमें संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चला रही हैं।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर हादसे की जानकारी दी। उन्होंने कहा, "हमें जोशीमठ के पास चिएं गांव के नजदीक हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त होने की दुर्भाग्यपूर्ण खबर मिली है। जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग और एसडीआरएफ की ओर से संयुक्त बचाव अभियान चलाया जा रहा है। मैं पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर रख रहा हूं। गंभीर रूप से घायलों को बेहतर इलाज के लिए तत्काल उच्च चिकित्सा केंद्रों पर एयरलिफ्ट करने के निर्देश दिए गए हैं।"
Uttarakhand CM Pushkar Singh Dhami tweets, "We have received the unfortunate news of a helicopter crash near Chaien village, close to Joshimath. A joint rescue operation is being conducted by the district administration, disaster management department, and SDRF. I am continuously monitoring the entire incident. Instructions have been given to immediately airlift the seriously injured to higher centres for better treatment..."
— ANI (@ANI) October 30, 2026
सीएम धामी ने बचाव अभियान पर रखी नजर
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए उन्हें तत्काल उच्च चिकित्सा केंद्रों तक पहुंचाने को कहा है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि वह पूरे घटनाक्रम की लगातार निगरानी कर रहे हैं।
खराब मौसम के कारण एक दिन पहले बंद थीं हेलिकॉप्टर सेवाएं
उत्तराखंड में पिछले कुछ दिनों से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। 29 अक्टूबर को खराब मौसम के चलते चारधाम क्षेत्र में हेलिकॉप्टर सेवाएं स्थगित किए जाने की रिपोर्ट सामने आई थी। पहाड़ी इलाकों में बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना के कारण उड़ान संचालन प्रभावित हुआ था।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के 30 अक्टूबर के पूर्वानुमान में जोशीमठ से बद्रीनाथ और हेमकुंड साहिब के मार्ग पर हल्की बारिश, हल्की बर्फबारी और गरज-चमक की संभावना जताई गई थी। ऐसे मौसम में पहाड़ी क्षेत्रों में हेलिकॉप्टर संचालन चुनौतीपूर्ण हो सकता है।

Add GTC Bharat on Google