उत्तराखंड बस हादसा: टिहरी गढ़वाल में 8 लोगों की मौत, 26 घायल; राष्ट्रपति मुर्मू ने जताया दुख

उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल में ऋषिकेश से जोशीमठ जा रही बस पुल से गहरी खाई में गिर गई। हादसे में आठ लोगों की मौत और 26 घायल हुए। राष्ट्रपति मुर्मू ने शोक जताया, जबकि मुख्यमंत्री धामी ने जांच के आदेश दिए।

By  Preeti Kamal November 17th 2026 04:00 PM -- Updated: November 17th 2026 03:19 PM

नई दिल्ली: उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक बस हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 26 अन्य घायल हो गए। हादसा गुलर बाजार के पास उस समय हुआ, जब ऋषिकेश से जोशीमठ जा रही एक बस पुल से करीब 100 मीटर नीचे गहरी खाई में गिर गई। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने इस दुर्घटना में लोगों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया है और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर हादसे पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले में सड़क दुर्घटना में लोगों की मौत की खबर बेहद दुखद है। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

मुख्यमंत्री धामी ने दिए जांच के आदेश

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी हादसे पर शोक जताया। देहरादून में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि बस ऋषिकेश से जोशीमठ की ओर जा रही थी, तभी गुलर घाटी के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि हादसे में घायल सभी लोगों को एम्स ऋषिकेश और अन्य चिकित्सा केंद्रों में पहुंचाया गया है। सरकार घायलों को हरसंभव सहायता उपलब्ध करा रही है। उन्होंने दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच के आदेश भी दिए हैं।

पुलिस और एसडीआरएफ ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

गढ़वाल रेंज के आईजी राजीव स्वरूप के मुताबिक, दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और बचाव अभियान शुरू कर दिया गया। उन्होंने बताया कि 'विश्वनाथ सेवा' की बस जोशीमठ जा रही थी। आईजी ने बताया कि घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्य के दौरान घायलों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों और उनके परिजनों की सहायता के लिए हेल्पलाइन डेस्क भी स्थापित की गई है। इसके अलावा, पूरे घटनाक्रम की निगरानी और समन्वय के लिए सीओ रैंक के अधिकारी को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

यात्रियों ने ड्राइवर को तेज रफ्तार पर टोका था

हादसे में घायल यात्री पंकज ने दुर्घटना को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बस चालक काफी तेज रफ्तार से वाहन चला रहा था। यात्रियों ने उसे दो से तीन बार गाड़ी धीमी चलाने के लिए कहा था, लेकिन इसके बावजूद बस की रफ्तार कम नहीं हुई। पंकज के मुताबिक, उन्होंने भी चालक को धीरे चलाने के लिए कहा था। इसके बाद वह सो गए और उन्हें पता नहीं चला कि आगे क्या हुआ। यात्री के इस बयान के बाद हादसे के कारणों को लेकर जांच महत्वपूर्ण हो गई है।

मुश्किल रास्ते से निकाले गए घायल यात्री

एसडीआरएफ की टीम ने दुर्घटनाग्रस्त बस से 26 घायल यात्रियों को बाहर निकाला। दुर्गम पहाड़ी रास्ते के कारण बचावकर्मियों को घायलों को स्ट्रेचर की मदद से सड़क तक पहुंचाना पड़ा। इसके बाद उन्हें एंबुलेंस के जरिए अस्पतालों में भर्ती कराया गया। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान बस से मृतकों के शव भी बरामद किए गए और उन्हें सड़क तक पहुंचाकर अस्पताल भेजा गया। हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.