नई दिल्ली: भारत में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और हीटवेव के कारण आंखों से जुड़ी समस्याओं में तेजी से बढ़ोतरी देखी जा रही है। नेत्र विशेषज्ञों के अनुसार लोगों में ड्राई आई, आंखों में लालिमा, जलन, एलर्जी और डिजिटल आई स्ट्रेन के मामलों में लगातार इजाफा हो रहा है।

विशेषज्ञों का कहना है कि तेज धूप, गर्म हवाएं, धूल, प्रदूषण और शरीर में पानी की कमी आंखों की प्राकृतिक नमी को प्रभावित कर रही है, जिससे आंखों की सुरक्षा पर असर पड़ रहा है। सफदरजंग अस्पताल के नेत्र रोग विभाग के वरिष्ठ सर्जन डॉ. पंकज रंजन ने कहा कि देशभर में तापमान बढ़ने के साथ आंखों में सूखापन, जलन, लालिमा और डिजिटल आई स्ट्रेन के मामलों में तेजी आई है।

AC की सीधी हवा से बचें, पानी की कमी न होने दें

वरिष्ठ सर्जन ने कहा, “बच्चों में यह समस्या ज्यादा देखने को मिल रही है क्योंकि गर्मी की छुट्टियों में उनका स्क्रीन टाइम काफी बढ़ जाता है। आंखों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त पानी पीना, UV-प्रोटेक्टेड सनग्लासेस पहनना, 20-20-20 नियम अपनाना, AC की सीधी हवा से बचना और बिना डॉक्टर की सलाह दवा न लेना बेहद जरूरी है।”

आंखों की देखभाल के लिए जागरूकता ज़रूरी

एम्स दिल्ली के डॉ. आरपी सेंटर फॉर ऑप्थैल्मिक साइंसेज में कॉर्निया, कैटरैक्ट और रिफ्रैक्टिव सर्जरी विभाग की सहायक प्रोफेसर डॉ. अनु मलिक ने कहा, “हीटवेव सिर्फ शरीर पर ही नहीं बल्कि आंखों की सतह और आराम पर भी असर डाल रही है। गर्मियों में आंखों की देखभाल को लेकर जागरूकता बेहद जरूरी है।”

20-20-20 नियम का पालन करें

विशेषज्ञों के अनुसार गर्मी की छुट्टियों में बच्चे मोबाइल, टैबलेट, लैपटॉप और टीवी का ज्यादा इस्तेमाल कर रहे हैं, जिससे आंखों पर अतिरिक्त दबाव पड़ रहा है। डॉक्टरों ने सलाह दी है कि लोग पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं, अनावश्यक स्क्रीन टाइम कम करें, UV-प्रोटेक्टेड चश्मा पहनें, धूल और गर्म हवाओं से बचें और आंखों की सुरक्षा के लिए 20-20-20 नियम का पालन करें।

क्या है 20-20-20 नियम ?

यह नियम क्या है और इसे कैसे अपनाएं:

  • 20 मिनट: कंप्यूटर या किसी भी स्क्रीन पर लगातार काम करने के बाद 20 मिनट का एक टाइमर लगाएं
  • 20 सेकंड: स्क्रीन से अपनी नज़रें हटा लें और अपनी आँखों को कम से कम 20 सेकंड का आराम दें
  • 20 फीट: इस 20 सेकंड के दौरान, 20 फीट (लगभग 6 मीटर) दूर रखी किसी वस्तु या खिड़की से बाहर किसी चीज़ को ध्यान से देखें

तेज गर्मी आंखों की प्राकृतिक नमी को खत्म करती है

डॉ. पंकज रंजन ने कहा, “भीषण गर्मी आंखों की सुरक्षा को सीधे प्रभावित कर रही है। तेज गर्मी और शुष्क वातावरण आंखों की प्राकृतिक नमी को तेजी से खत्म कर देता है, जिससे ड्राईनेस और एलर्जी बढ़ती है। वहीं AC और लगातार स्क्रीन देखने से डिजिटल आई स्ट्रेन चरम पर पहुंच जाता है। गर्मियों में आंखों की देखभाल को लेकर जागरूकता अब चिकित्सा जरूरत बन गई है।”