नई दिल्ली, भारत: भारतीय वायु सेना ने 7 मई से 10 मई तक नई दिल्ली में ‘ऑपरेशन सिंदूर स्मारक दौड़’ का आयोजन किया। यह 88 घंटे तक लगातार चलने वाली विशेष रिले रन थी। यह आयोजन भारतीय वायु सेना द्वारा सफलतापूर्वक संचालित 88 घंटे के हवाई अभियानों की पहली वर्षगांठ के उपलक्ष्य में किया गया, जिसने सटीक और निर्णायक हवाई हमले करने की क्षमता का प्रदर्शन किया था।
रक्षा मंत्रालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, इस कार्यक्रम में भारतीय वायु सेना और भारतीय सेना की विभिन्न कमांडों से कुल 600 धावकों ने हिस्सा लिया। इस दौड़ की शुरुआत 7 मई को रात 1:05 बजे इंडिया गेट से एयर ऑफिसर इन चार्ज एडमिनिस्ट्रेशन द्वारा की गई। इसका समापन 10 मई को शाम 5 बजे एयर फोर्स स्टेशन नई दिल्ली में वायु सेना प्रमुख द्वारा फ्लैग-इन के साथ हुआ।
यह रन लगातार 88 घंटे तक रिले फॉर्मेट में आयोजित की गई
यह रन लगातार 88 घंटे तक रिले फॉर्मेट में आयोजित की गई, जिसमें नागरिक प्रशासन ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। बड़ी संख्या में नागरिक स्वयंसेवकों ने भी उत्साह के साथ इसमें भाग लिया।

एकता और जोश की भावना को मजबूत करना उद्देश्य
दौड़ का मार्ग दिल्ली के कई प्रमुख स्थलों से होकर गुजरा, जिनमें इंडिया गेट, ब्रिगेडियर होशियार सिंह मार्ग, एयर मुख्यालय वायु भवन, नेहरू पार्क और न्यू मोती बाग रोड शामिल रहे। दौड़ का समापन एयर फोर्स स्टेशन नई दिल्ली में हुआ।
इस आयोजन का उद्देश्य वायु सेना के जवानों के बीच एकता और जोश की भावना को मजबूत करना था, साथ ही भारतीय रक्षा बलों के प्रति लोगों की जागरूकता और जुड़ाव बढ़ाना भी था।

वायु सेना के जैज बैंड ने लाइव प्रस्तुति दी
रक्षा मंत्रालय के अनुसार, ‘ऑपरेशन सिंदूर स्मारक दौड़’ का सफल आयोजन भारतीय वायु सेना के गौरवशाली इतिहास को सम्मान देने के साथ-साथ जनभागीदारी और बेहतरीन टीमवर्क का प्रतीक भी रहा। इस कार्यक्रम के तहत 10 मई को नेहरू पार्क में भारतीय वायु सेना के जैज बैंड ने लाइव प्रस्तुति भी दी।