कराकास, वेनेजुएला: तारीख 24 जून, दिन बुधवार। दक्षिण अमेरिकी देश वेनेजुएला के लोग अपने रोजमर्रा के कामों में मसरूफ थे। दफ्तरों में छुट्टी का माहौल था, बाजारों में सामान्य चहल-पहल थी और दिन का उजाला अभी पूरी तरह ढला भी नहीं था। लेकिन तभी, घड़ी की सुई जैसे ही शाम के 6 बजकर 4 मिनट पर पहुंची, धरती के भीतर एक भयानक हलचल हुई।
ऐसी हलचल जिसने कुछ ही सेकंड में हंसते-खेलते शहरों को मलबे के ढेर में तब्दील कर दिया। वेनेजुएला में एक के बाद एक दो विनाशकारी भूकंप आए। पहले 7.2 और फिर महज 39 सेकंड बाद 7.5 तीव्रता का दूसरा महाझटका। इमारतें हिलने लगीं, सड़कें फटने लगीं और लोग जान बचाने के लिए खुले मैदानों की तरफ भागने लगे।
धरती के नीचे जमा होती ऊर्जा को रोकने की ताकत किसी में नहीं
राहत और बचाव का काम लगातार जारी है। सरकारी एजेंसियां मलबे के नीचे ज़िंदगी तलाश रही हैं, लेकिन हर गुजरते घंटे के साथ उम्मीद और चिंता दोनों बढ़ रही है। इस त्रासदी ने एक बार फिर पूरी दुनिया को याद दिला दिया है कि प्रकृति के सामने इंसान की सारी तकनीक और तरक्की कितनी छोटी पड़ जाती है। आज भले दुनिया एआई बना रही हो, अंतरिक्ष में मिशन भेजे जा रहे हैं, मंगल ग्रह पर जीवन खोजा जा रहा है, लेकिन धरती के नीचे जमा हो रही ऊर्जा को रोकने की ताकत आज भी किसी के पास नहीं।
प्रकृति के पास ही है अंतिम शक्ति
प्रकृति बार-बार याद दिलाती है कि अंतिम शक्ति उसी के पास है। यह बात सिर्फ एक प्राकृतिक आपदा की ही नहीं है, बल्कि उन बेगुनाह जिंदगियों की है जो इस मलबे के नीचे दबी हैं। सवाल यह भी उठता है कि कुछ ही सेकंड में इतना बड़ा विनाश कैसे हुआ और क्या इंसान विकास की अंधी दौड़ में प्रकृति की इन सबसे बड़ी चेतावनियों को नजरअंदाज कर रहा है?

ढलती शाम का वो खौफनाक मंजर
किसी भी बड़ी प्राकृतिक आपदा की सबसे डरावनी बात ये होती है कि वह बिना किसी चेतावनी के इंसान की पूरी दुनिया बदल देती है। वेनेजुएला में भी ठीक ऐसा ही हुआ। बुधवार की ढलती हुई शाम को वेनेजुएला की धरती अचानक भीषण झटकों से कांप उठी। स्थानीय समयानुसार ठीक शाम 06 बजकर 04 मिनट पर पहला झटका आया, जिसकी तीव्रता रिएक्टर स्केल पर 7.2 मापी गई। लोग इस झटके के बाद संभलने की कोशिश कर ही रहे थे कि ठीक 39 सेकंड बाद, यानी शाम 06 बजकर 05 मिनट पर दूसरा और कहीं ज्यादा ताकतवर झटका 7.5 तीव्रता के साथ आया।
जब वेनेजुएला में यह शाम तबाही का मंजर लिख रही थी, उस वक्त भारत में रात का वक्त था और घड़ियों में गुरुवार तड़के के 03 बजकर 34 मिनट और 03 बजकर 35 मिनट हो रहे थे। भारत में भले ही लोग सो रहे थे, लेकिन वेनेजुएला में दिन के उजाले में यह भयानक मंजर सबने अपनी आंखों से देखा।
भूकंप के झटकों की तीव्रता से कई इलाक़ों में भारी तबाही का मंज़र
भूकंप का केंद्र कराकास से उत्तर-पूर्व में कैरेबियाई तट के पास समुद्र के भीतर बताया गया है। लेकिन इसके झटके इतने शक्तिशाली थे कि राजधानी कराकास, ला-ग्वाइरा, मिरांडा, अरागुआ, काराबोबो और देश के कई अन्य इलाकों में भी भारी तबाही देखने को मिली।
कई बहुमंजिला इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं, सड़कों में दरारें पड़ गईं, बिजली और संचार सेवाएं प्रभावित हुईं, अस्पतालों में अफरा-तफरी मच गई और एहतियात के तौर पर मेट्रो सेवाएं तथा कई उड़ानें भी रोकनी पड़ीं। नेटवर्क वॉचडॉग NetBlocks के मुताबिक भूकंप के बाद इंटरनेट और टेलिकॉम सेवाएं अचानक पूरी तरह ठप हो गईं, जिससे हज़ारों लोग घंटों तक यह भी नहीं जान पाए कि उनके अपने सुरक्षित हैं या नहीं।

भूकंप में जान गंवाने वालों की संख्या 10 हज़ार के पार
अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण यानी USGS की प्रारंभिक PAGER रिपोर्ट के मुताबिक इस भूकंप में 10 हजार से अधिक लोगों की मौत होने की आशंका लगभग 44 प्रतिशत है। इतना ही नहीं, सबसे गंभीर स्थिति में मृतकों की संख्या एक लाख तक पहुंचने की संभावना भी जताई गई है। हालांकि यह संभावित जोखिम का वैज्ञानिक आकलन है। वास्तविक स्थिति राहत अभियान पूरा होने के बाद ही स्पष्ट होगी। फिलहाल, भूकंप के कुछ ही मिनटों बाद राष्ट्रपति कार्यालय ने राष्ट्रीय आपातकाल घोषित करते हुए सभी आपदा प्रबंधन एजेंसियों को अलर्ट पर रख दिया है।
विज्ञान का गणित: आखिर क्यों कांपी धरती?
हर बार जब दुनिया के किसी हिस्से में इतना बड़ा भूकंप आता है, तो एक सवाल सबसे पहले उठता है कि आखिर धरती अचानक इस तरह कांपती क्यों है? क्या इसके पीछे सिर्फ प्रकृति जिम्मेदार होती है, या फिर इंसानी लापरवाही भी तबाही को कई गुना बढ़ा देती है? वेनेजुएला में आए इस महाभूकंप को समझने के लिए भूगर्भीय संरचना को जानना जरूरी है।
जिस जमीन पर हम खड़े हैं, वह कोई एक ठोस चट्टान नहीं है। पूरी पृथ्वी कई विशाल टेक्टोनिक प्लेटों में बंटी हुई है, जो लगातार बहुत धीमी गति से खिसकती रहती हैं। जब दो प्लेटों के बीच वर्षों या कभी-कभी दशकों तक दबाव जमा होता रहता है और अचानक वह दबाव एक झटके में निकलता है, तभी भूकंप आता है।

चट्टानों की सहनशक्ति खत्म होने से ऊर्जा इस रूप में बाहर निकली
वेनेजुएला का उत्तरी हिस्सा कैरेबियन प्लेट और दक्षिण अमेरिकी प्लेट के बीच स्थित है। ये दोनों प्लेटें लगातार एक-दूसरे के समानांतर और विपरीत दिशा में दबाव बनाती रहती हैं। इस बार भी चट्टानों की सहनशक्ति खत्म होने पर वर्षों से जमा ऊर्जा कुछ ही सेकंड में बाहर निकली।
पहले एक शक्तिशाली झटका आया और उसके तुरंत बाद दूसरा झटका महसूस किया गया। विशेषज्ञों के अनुसार लगातार आए इन झटकों ने पहले से कमजोर हो चुकी इमारतों पर दोहरा दबाव डाला। कई भवन पहले झटके में क्षतिग्रस्त हो चुके थे और दूसरे झटके ने उन्हें पूरी तरह गिरा दिया। यही वजह रही कि नुकसान उम्मीद से कहीं ज्यादा हुआ।
सुरक्षा मानकों की अनदेखी से काल के गाल में समाए लोग- विशेषज्ञ
विशेषज्ञ यह भी बताते हैं कि भूकंप से सबसे ज्यादा मौतें जमीन के हिलने से नहीं, बल्कि कमजोर निर्माण और सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण इमारतों के गिरने से होती हैं। जापान, चिली और न्यूज़ीलैंड जैसे देशों ने सख्त बिल्डिंग कोड के जरिए नुकसान को बेहद कम किया है, लेकिन जिन देशों में पुराने भवन और कमजोर निर्माण होता है, वहाँ समान तीव्रता का भूकंप भी हजारों जिंदगियाँ लील सकता है। चूंकि भूकंप की निश्चित भविष्यवाणी असंभव है, इसलिए अब दुनिया भर में जोर भविष्यवाणी पर नहीं, बल्कि तैयारी पर दिया जा रहा है।
मलबे के बीच से उठती चीखें और ग्लोबल एकजुटता
भूकंप के आंकड़े हर घंटे बदलते रहते हैं, लेकिन इन आंकड़ों के पीछे छिपी होती हैं हजारों ऐसी कहानियां, जिनका दर्द किसी सरकारी रिपोर्ट में दर्ज नहीं हो पाता। इस वक्त वेनेजुएला में सबसे बड़ा नाम अगर किसी चीज़ का है, तो वह है 'मलबा'। राजधानी कराकास के लॉस पालोस ग्रांडेस इलाके में एक 22 मंजिला रिहायशी इमारत पूरी तरह ढह गई है, जबकि ला-ग्वाइरा में आठ मंजिला होटल एडुआर्ड भी मलबे में तब्दील हो चुका है। स्थानीय प्रशासन के मुताबिक अकेले इस तटीय इलाके में 15 से ज्यादा इमारतें पूरी तरह धराशायी हो चुकी हैं।
भारी क्रेन, हाइड्रोलिक कटर, थर्मल कैमरों और स्निफर डॉग्स की मदद से मलबे के नीचे फंसे लोगों की तलाश की जा रही है। इस महा-त्रासदी के बीच पूरी दुनिया वेनेजुएला की मदद के लिए आगे आई है। अमरीका, डोमिनिकन रिपब्लिक, एल सल्वाडोर, मेक्सिको और कतर जैसी अंतरराष्ट्रीय टीमों ने राहत कार्यों में सहयोग की पेशकश की है। दुनिया के शीर्ष नेताओं ने भी वेनेजुएला के लोगों के प्रति एकजुटता जताई है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया मंच X पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए लिखा कि भारत हर संभव मदद के लिए तैयार है।
Deeply saddened by the devastation caused by the severe earthquakes in Venezuela.On behalf of the people of India, I extend our heartfelt condolences to the Government and people of Venezuela, especially to the families who have lost their loved ones. We pray for the speedy…
— Narendra Modi (@narendramodi) June 25, 2026
अमेरिका ने भी वेनेजुएला की मदद के लिए बढ़ाए हाथ
वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने भी 'ट्रुथ सोशल' पर लिखा, "दोनों शक्तिशाली भूकंपों ने वेनेजुएला में भारी तबाही मचाई है और अमेरिका हरसंभव सहायता देने के लिए पूरी तरह तैयार, इच्छुक और सक्षम है। मैंने अपनी सरकार की सभी एजेंसियों को तत्काल राहत के निर्देश दे दिए हैं।"
विशेषज्ञों का कहना है कि राहत अभियान खत्म होने के बाद असली चुनौती बेघर हुए लोगों के पुनर्वास की होगी। मलबे के सामने खड़े परिवारों की हर कोशिश इस वक्त एक ही उम्मीद पर टिकी है कि यदि मलबे के नीचे कहीं कोई जिंदगी अब भी सांस ले रही है, तो उसे समय रहते सुरक्षित बाहर निकाला जा सके।
भारत के लिए सबक: भूकंप पासपोर्ट देखकर नहीं आते
भूकंप कभी पासपोर्ट देखकर नहीं आते। इसलिए इस त्रासदी का सबसे बड़ा सवाल अब वेनेजुएला का नहीं, बल्कि हमारा भी है। इसका अंदाज़ा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वेनेजुएला में आए शक्तिशाली झटकों के कुछ ही समय बाद प्रशांत महासागर के दूसरे छोर पर जापान में भी 6.9 तीव्रता का भूकंप आया, जिससे कुजी शहर में इमारतें हिल गईं और बुलेट ट्रेनों को आपातकालीन ब्रेक लगाकर रोकना पड़ा।
भारत भी इस भूगर्भीय खतरे से अछूता नहीं है। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार देश का लगभग 59 प्रतिशत भूभाग अलग-अलग स्तर के भूकंपीय जोखिम वाले क्षेत्रों में आता है। दिल्ली-एनसीआर, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार, गुजरात, अंडमान-निकोबार और पूरा उत्तर-पूर्व ऐसे इलाकों में शामिल हैं जहाँ भविष्य में बड़े भूकंप की आशंका बनी रहती है। वैज्ञानिक लंबे समय से हिमालयी क्षेत्र में भूगर्भीय दबाव लगातार बढ़ने की चेतावनी देते रहे हैं। भारत ने अतीत में 1993 के लातूर, 2001 के भुज और 2005 के कश्मीर जैसे विनाशकारी भूकंपों का दर्द देखा है।
ऊँची इमारतों में तब्दील होते शहर
आज हमारे शहर तेजी से ऊँची-ऊँची इमारतों के जंगल में बदल रहे हैं। मेट्रो नेटवर्क, फ्लाईओवर, अस्पताल, स्कूल और बड़ी-बड़ी आवासीय परियोजनाएँ लगातार बन रही हैं। लेकिन सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या हर निर्माण में भूकंपरोधी मानकों का पूरी ईमानदारी से पालन हो रहा है? क्या हमारे स्कूलों, अस्पतालों और सार्वजनिक इमारतों में आपदा से निपटने की पर्याप्त तैयारी है?
यह सिर्फ़ प्राकतिक आपदा नहीं बल्कि सबक भी है
वेनेजुएला का यह महाभूकंप हमें सिर्फ एक प्राकृतिक आपदा की कहानी नहीं सुनाता, बल्कि एक बहुत बड़ा सबक भी देता है। इंसान ने अंतरिक्ष तक पहुँचने का सफर तय कर लिया है, तकनीक के नए दौर में प्रवेश कर लिया है, लेकिन आज भी प्रकृति के रौद्र रूप के सामने इंसान पूरी तरह बेबस दिखाई देता है।
इसलिए असली सवाल बेतरतीब विकास का नहीं, बल्कि हमारी तैयारी का है। ऊँची इमारतों को सुरक्षित बनाने और सुरक्षा मानकों को सख्ती से लागू करने का है। मलबे के नीचे दबे हुए लोग भले ही किसी दूसरे देश के हों, लेकिन उनकी तकलीफ पूरी इंसानियत की तकलीफ है। प्रकृति कभी चेतावनी देकर नहीं आती, इसलिए समय रहते मुकम्मल तैयारी ही इंसान की सबसे बड़ी सुरक्षा है।
Add GTC Bharat on Google