निफ्टी-सेंसेक्स में मजबूती, महंगे कच्चे तेल के बावजूद बाजार हरे निशान पर...

By  Preeti Kamal April 29th 2026 11:48 AM

मुंबई, महाराष्ट्र: घरेलू शेयर बाजारों ने बुधवार को सकारात्मक शुरुआत की, जबकि पश्चिम एशिया में अनिश्चितता और वैश्विक ऊर्जा क्षेत्र में बाधाएं निवेशकों की भावना पर असर डालती रहीं। Nifty 50 सूचकांक 24,096.90 पर खुला, जो 101.20 अंक या 0.42% की बढ़त है, जबकि BSE Sensex 77,245.83 पर खुला, जो 358.92 अंक या 0.47% की तेजी दर्शाता है।

बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि जारी भू-राजनीतिक तनाव के बावजूद भारतीय बाजार मजबूती दिखा रहे हैं, जिसे पिछले महीने की सकारात्मक गति और स्थिरता की उम्मीदों का समर्थन मिल रहा है। बैंकिंग और बाजार विशेषज्ञ अजय बग्गा ने मीडिया से कहा कि खाड़ी क्षेत्र की स्थिति अभी भी अस्पष्ट बनी हुई है और अमेरिका-ईरान के घटनाक्रम पर मिश्रित संकेत मिल रहे हैं।

खाड़ी क्षेत्र की स्थिति उलझी हुई है- अजय बग्गा

अजय बग्गा ने कहा, "खाड़ी क्षेत्र की स्थिति उलझी हुई है। डोनाल्ट ट्रंप ने पोस्ट किया कि ईरान कमजोर स्थिति में है और समझौता चाहता है। दूसरी ओर, The Wall Street Journal की एक रिपोर्ट के अनुसार ट्रंप ने न तो स्थिति को बढ़ाने और न ही पीछे हटने का फैसला किया है, बल्कि लंबे समय तक नाकाबंदी जारी रखने की रणनीति अपनाई है ताकि ईरान को बातचीत के लिए मजबूर किया जा सके।"

उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिकी टेक शेयरों में गिरावट और बढ़ती तेल कीमतों के कारण एशियाई बाजारों पर असर देखा जा रहा है। हालांकि, उन्होंने आगाह किया कि लंबा वीकेंड और जारी अनिश्चितता के चलते निकट अवधि में बाजार सीमित दायरे में रह सकते हैं। सेक्टरवार, NSE के सभी प्रमुख सूचकांक हरे निशान में खुले। निफ्टी ऑटो 0.95% चढ़ा, निफ्टी FMCG 0.43% बढ़ा, निफ्टी फार्मा 0.61% ऊपर रहा, निफ्टी IT 0.54% और निफ्टी मीडिया 0.67% की बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे।

 ब्रेंट क्रूड की ऊंची कीमतें भारत के लिए नकारात्मक हैं- वी. के. विजयकुमार

वी. के. विजयकुमार, चीफ इन्वेस्टमेंट स्ट्रैटेजिस्ट, Geojit Investments ने कहा कि खाड़ी क्षेत्र में महत्वपूर्ण घटनाक्रम हो रहे हैं, लेकिन Strait of Hormuz के बंद होने से पैदा ऊर्जा संकट का समाधान अभी नहीं हुआ है। उन्होंने कहा, "UAE के OPEC छोड़ने के फैसले का मध्यम अवधि में कच्चे तेल की कीमतों पर असर पड़ सकता है, लेकिन निकट अवधि में राहत मिलने की संभावना कम है।"

उन्होंने यह भी जोड़ा कि ब्रेंट क्रूड की ऊंची कीमतें भारत के लिए नकारात्मक हैं और जब तक तेल कीमतें ऊंची बनी रहती हैं, तब तक विकास और महंगाई पर जोखिम बना रहेगा। रिपोर्ट लिखे जाने तक Brent Crude करीब 111 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।

कई कंपनियां आज FY26 की चौथी तिमाही के नतीजे घोषित करेंगी

इस बीच, बजाज फाइनेंस, अदानी पावर, वेदांता, इंडियन बैंक, वारी एनर्जीज, फेडरल बैंक, इंडियन ओवरसीज बैंक, शेफलर इंडिया और मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज सहित कई कंपनियां आज FY26 की चौथी तिमाही के नतीजे घोषित करेंगी। एशियाई बाजारों में मिला-जुला रुख देखा गया। सिंगापुर का स्ट्रेट्स टाइम्स 0.52% गिरा, ताइवान का वेटेड इंडेक्स 0.59% नीचे आया, जबकि हांगकांग का हैंग सेंग 1.10% और दक्षिण कोरिया का KOSPI 0.20% चढ़ा।

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.