आतिशी का BJP पर बड़ा आरोप, बोलीं- “ED के जरिए चुराया जा रहा AAP का डेटा”

By  Preeti Kamal May 18th 2026 12:29 PM

नई दिल्ली: दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और आम आदमी पार्टी (AAP) की विधायक आतिशी ने सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि गोवा में AAP नेता दीपक सिंगला के घर पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) की छापेमारी पार्टी का “संगठनात्मक डेटा चुराने” की कोशिश है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए आतिशी ने कहा कि गोवा में AAP की बढ़ती लोकप्रियता से घबराकर भाजपा एजेंसियों का इस्तेमाल कर रही है।

आतिशी ने लिखा, “गोवा में आम आदमी पार्टी की लोकप्रियता बढ़ने के साथ ही भाजपा ने अपने वफादार सिपाही ED को यहां भी भेज दिया है। आज सुबह से AAP गोवा सह-प्रभारी दीपक सिंगला और गोवा के कुछ स्वयंसेवकों के घरों पर ED की रेड चल रही है। यह सिर्फ हमारे कार्यकर्ताओं को डराने की कोशिश नहीं है, बल्कि भाजपा के लिए हमारे संगठन का पूरा डेटा हासिल करने की साजिश भी है।”

आतिशी ने वीडियो साझा कर भाजपा पर लगाया आरोप

एक वीडियो संदेश में आतिशी ने आरोप लगाया कि भाजपा ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के खिलाफ ED और IPAC का इस्तेमाल किया था। उन्होंने दावा किया कि चुनाव से पहले ED छापों के जरिए TMC के संगठनात्मक डेटा तक पहुंच बनाई गई थी और अब यही रणनीति पंजाब और गोवा में अपनाई जा रही है।

आतिशी ने कहा, “पूरा देश देख चुका है कि बंगाल चुनाव में भाजपा ने ED का कैसे इस्तेमाल किया। IPAC के कार्यकर्ताओं को जेल भेजा गया। चुनाव से पहले TMC का पूरा संगठनात्मक डेटा ED के जरिए हासिल किया गया। चुनाव खत्म होने के बाद सबको रिहा कर दिया गया।” उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में भी आम आदमी पार्टी के नेताओं के घरों पर छापे मारे गए।

संजय अरोड़ा भाजपा में नहीं शामिल हुए इसलिए भेजा जेल

आतिशी ने कहा, “संजय अरोड़ा जैसे नेताओं ने भाजपा में शामिल होने से इनकार किया तो उन्हें जेल भेज दिया गया, जबकि भाजपा में शामिल होने वालों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।” उन्होंने कहा कि अब भाजपा का अगला निशाना गोवा है क्योंकि वहां AAP की लोकप्रियता बढ़ रही है।

 उन्होंने कहा, “भाजपा जानती है कि गोवा की जनता भाजपा सरकार से परेशान है और आगामी फरवरी चुनाव में उसे सत्ता से बाहर कर सकती है। इसी वजह से आज सुबह से दीपक सिंगला के घर पर छापेमारी चल रही है। वहां 15 ED की गाड़ियां और 50 अधिकारी मौजूद हैं।”

एक आम कार्यकर्ता पर हुई कार्रवाई पर उठाया सवाल

आतिशी ने सवाल उठाया कि एक आम कार्यकर्ता के घर पर इतनी बड़ी कार्रवाई क्यों की जा रही है। आतिशी ने कहा, “यह सब संगठन का डेटा चुराने के लिए किया जा रहा है।” उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी ED की धमकियों से डरने वाली नहीं है।

उन्होंने कहा, “गोवा की जनता देख रही है कि पिछले 15 साल में भाजपा ने गोवा को कैसे नुकसान पहुंचाया है। अब ED भी भाजपा को गोवा में नहीं बचा पाएगी।” इस बीच, अधिकारियों के अनुसार प्रवर्तन निदेशालय दिल्ली और गोवा में AAP नेता दीपक सिंगला से जुड़े परिसरों पर कथित बैंक धोखाधड़ी मामले में छापेमारी कर रहा है।

इसके पहले संजीव अरोड़ा को भी किया था गिरफ्तार

इससे पहले 9 मई को पंजाब सरकार के मंत्री और AAP नेता संजीव अरोड़ा को ED ने गिरफ्तार किया था। यह कार्रवाई उनके घर, उनसे जुड़ी कंपनियों और Hampton Sky Realty Limited (HSRL) के कार्यालय पर दिनभर चली छापेमारी के बाद हुई थी।ED ने बताया कि यह कार्रवाई 5 मई को दर्ज की गई ECIR के तहत की गई। जांच में HSRL कंपनी को संजीव अरोड़ा और उनके परिवार के नियंत्रण में पाया गया। कंपनी में उनके बेटे काव्य अरोड़ा प्रबंध निदेशक हैं। 

वहीं गुरुग्राम की विशेष अदालत ने कथित 100 करोड़ रुपये से अधिक के GST फर्जीवाड़े से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में संजीव अरोड़ा को सात दिन की ED हिरासत में भेज दिया है। AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भी संजीव अरोड़ा की तारीफ करते हुए कहा था कि उन्होंने भाजपा में शामिल होने के बजाय ED की गिरफ्तारी का सामना करना चुना।

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.