बारिश से दिल्ली-एनसीआर बेहाल, नोएडा और गाजियाबाद की सड़कों पर भरा पानी

मौसम विभाग ने बताया है कि दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में 6 जुलाई और 10 जुलाई को कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। वहीं 7 से 9 जुलाई और 11 जुलाई के दौरान इन क्षेत्रों में भारी वर्षा होने का अनुमान है।

By  Preeti Kamal July 9th 2026 10:23 AM

नई दिल्ली: गुरुवार सुबह दिल्ली-एनसीआर में हुई लगातार मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया। नोएडा और गाजियाबाद के कई इलाकों में भारी जलभराव के कारण लोगों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ा, जबकि यातायात भी बुरी तरह प्रभावित हुआ।

हालांकि, दिल्ली में 228.1 मिमी की रिकॉर्ड बारिश और रेड तथा ऑरेंज अलर्ट के बावजूद नगर निकायों की पूर्व तैयारियों के चलते बड़े पैमाने पर जलभराव की स्थिति को काफी हद तक नियंत्रित रखा गया। प्रशासन ने पहले से नालों की सफाई (डी-सिल्टिंग) कराई थी और नरेला तथा द्वारका सहित प्रमुख स्टॉर्म वॉटर ड्रेनों से अवरोध हटाए गए थे। इसके चलते एनएचपीसी चौक जैसे प्रमुख अंडरपास जलभराव से बचे रहे और यातायात सामान्य रूप से चलता रहा।

सीएम रेखा गुप्ता ने सरकारी एजेंसियों को दिए 'हाई एलर्ट' के निर्देश

इसके बावजूद कुछ इलाकों में पानी भर गया। गीता कॉलोनी में तेज बारिश के बाद काफी जलभराव देखने को मिला। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने स्थिति की समीक्षा करते हुए सभी सरकारी एजेंसियों को "हाई अलर्ट" पर रहने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने कहा, "दिल्ली सरकार जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए युद्धस्तर पर काम कर रही है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के निर्देश पर सभी सरकारी एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं।" जलभराव वाले क्षेत्रों से पानी निकालने और यातायात सुचारु बनाए रखने के लिए लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), दिल्ली जल बोर्ड और दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की विशेष टीमें विभिन्न स्थानों पर तैनात की गई हैं।

बारिश से नोएडा और गाजियाबाद के कई इलाकों में बढ़ी परेशानी

बारिश से जहां उमस से राहत मिली, वहीं नोएडा और गाजियाबाद के कई इलाकों में लोगों की परेशानी बढ़ गई। नोएडा सेक्टर-115 की सड़कों पर घुटनों तक पानी भर गया, जिससे लोगों को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ा। इसी तरह गाजियाबाद के शास्त्रीनगर इलाके में भी सड़कें जलमग्न हो गईं, जिसके कारण वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात धीमा पड़ गया।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, दक्षिण-पूर्वी दिल्ली, पूर्वी दिल्ली, शाहदरा, मध्य दिल्ली, उत्तर-पूर्वी दिल्ली, दक्षिण दिल्ली, नई दिल्ली, दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली, उत्तर-पश्चिमी दिल्ली और उत्तरी दिल्ली में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनकी गति झोंकों के दौरान 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

7 से 11 जुलाई तक कई राज्यों में भारी बारिश का अनुमान

मौसम विभाग ने बताया है कि दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में 6 जुलाई और 10 जुलाई को कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। वहीं 7 से 9 जुलाई और 11 जुलाई के दौरान इन क्षेत्रों में भारी वर्षा होने का अनुमान है। विभाग ने इस अवधि में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की भी चेतावनी दी है।

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.