दिल्ली के लेफ्टिनेंट गवर्नर बने पूर्व राजनयिक तरनजीत सिंह संधू, मिल रही ख़ूब बधाइयां...

By  Preeti Kamal March 6th 2026 10:50 AM -- Updated: March 6th 2026 10:58 AM

नई दिल्ली: पूर्व राजनयिक तरनजीत सिंह संधू को दिल्ली का नया लेफ्टिनेंट गवर्नर (एलजी) नियुक्त किए जाने पर विभिन्न राजनीतिक नेताओं, सामाजिक संगठनों और नागरिकों ने उन्हें बधाई दी है। केंद्र सरकार के इस फैसले को प्रशासनिक अनुभव और कूटनीतिक समझ का लाभ राजधानी के शासन में मिलने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा जारी आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, पूर्व राजनयिक तरनजीत सिंह संधू को दिल्ली का नया उप-राज्यपाल नियुक्त किया गया है। वह इस पद पर विनय कुमार सक्सेना का स्थान लेंगे, जिन्हें अब लद्दाख का लेफ्टिनेंट गवर्नर बनाया गया है। यह नियुक्ति उस समय हुई है जब कई राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में राज्यपाल और उप-राज्यपाल स्तर पर व्यापक फेरबदल किया गया है।

बीजेपी ने नई ज़िम्मेदारियों के लिए दी शुभकामनाएं

बीजेपी चंडीगढ़ ने सोशल मीडिया एक्स पर सरदार तरनजीत सिंह संधु को बधाई देते हुए लिखा,"सरदार तरनजीत सिंह संधू को दिल्ली का लेफ्टिनेंट गवर्नर बनने पर बधाई। वे एक अनुभवी डिप्लोमैट हैं, जिनके पास बहुत अनुभव है और पब्लिक सर्विस के लिए उनका गहरा कमिटमेंट है। उनकी लीडरशिप और एडमिनिस्ट्रेटिव समझ से नेशनल कैपिटल को बहुत फायदा होगा। इस नई ज़िम्मेदारी में उन्हें बहुत सफलता की शुभकामनाएं, क्योंकि वे पूरे डेडिकेशन के साथ देश की सेवा करते रहेंगे।"

अमेरिका में भारत के राजदूत के रूप में निभाई है अहम भूमिका

पूर्व राजनयिक तरनजीत सिंह संधू भारतीय विदेश सेवा (IFS) के अनुभवी अधिकारी रहे हैं और उन्होंने 2020 से 2024 तक संयुक्त राज्य अमेरिका में भारत के राजदूत के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इससे पहले वे श्रीलंका में भारत के उच्चायुक्त भी रह चुके हैं। कूटनीति और अंतरराष्ट्रीय संबंधों में उनके लंबे अनुभव को देखते हुए माना जा रहा है कि राजधानी के प्रशासनिक और नीतिगत कार्यों में उनकी भूमिका अहम रहेगी।

बेहद महत्वपूर्ण होता है दिल्ली के लेफ्टिनेंट गवर्नर का पद

दिल्ली का लेफ्टिनेंट गवर्नर पद संवैधानिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। इस पद पर रहते हुए उप-राज्यपाल केंद्र सरकार और दिल्ली की निर्वाचित सरकार के बीच समन्वय स्थापित करने के साथ-साथ प्रशासन, कानून-व्यवस्था और कई प्रमुख नीतिगत मामलों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाते हैं। संधू की नियुक्ति पर कई नेताओं और संगठनों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि उनके अनुभव से राष्ट्रीय राजधानी में बेहतर प्रशासन और विकास को नई गति मिलेगी।

कांग्रेस ने भी दी दिल्ली के नए उप-राज्यपाल को शुभकामनाएं

पूर्व राजनयिक तरनजीत सिंह संधू को दिल्ली का नया उप-राज्यपाल नियुक्त किए जाने पर कांग्रेस ने भी सोशल मीडिया एक्स पर उन्हें बधाई देते हुए लिखा, "दिल्ली के उपराज्यपाल के रूप में नई जिम्मेदारी संभालने पर श्री तरनजीत सिंह संधू जी को हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएँ।"

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.