PM मोदी आज 20वें रोजगार मेले में 51 हजार से ज्यादा युवाओं को देंगे नियुक्ति पत्र
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को 20वें रोजगार मेले में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शामिल होंगे। देशभर के 45 स्थानों पर आयोजित कार्यक्रम में 51 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। इसके बाद सरकारी नियुक्तियां पाने वालों की संख्या करीब 12.75 लाख होगी।
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को 20वें रोजगार मेले में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शामिल होंगे और विभिन्न सरकारी विभागों में चयनित 51 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे। रोजगार मेले का आयोजन देशभर के 45 स्थानों पर किया जाएगा। प्रधानमंत्री इस दौरान नवनियुक्त युवाओं को संबोधित भी करेंगे। चयनित उम्मीदवार केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों और विभागों में अपनी सेवाएं शुरू करेंगे।
20वां रोजगार मेला देशभर के 45 स्थानों पर आयोजित किया जा रहा है। इसके तहत राजस्व विभाग, रेल मंत्रालय, गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, वित्तीय सेवा विभाग और रक्षा मंत्रालय समेत कई सरकारी विभागों में नियुक्ति पाने वाले युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। सरकार के रोजगार मेले के तहत अब तक बड़ी संख्या में युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं। 20वें रोजगार मेले के बाद विभिन्न सरकारी विभागों और संगठनों में नियुक्ति पत्र पाने वाले युवाओं की कुल संख्या करीब 12.75 लाख हो जाएगी।
पटना में मुख्य अतिथि होंगे गिरिराज सिंह
बिहार के पटना में आयोजित रोजगार मेले में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। बिहार सरकार के मंत्री राम कृपाल यादव, बेगूसराय के विधायक कुंदन कुमार और कुम्हरार के विधायक संजय गुप्ता भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। पटना में होने वाला कार्यक्रम रोजगार मेले के तहत आयोजित देशभर के कार्यक्रमों में शामिल है।
मुंबई में भी होगा रोजगार मेले का आयोजन
मुंबई के बिरला मातुश्री सभागार, बॉम्बे हॉस्पिटल ट्रस्ट में भी 20वें रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम भारत सरकार के राजस्व विभाग की ओर से रोजगार से जुड़े कार्यक्रम के तहत आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में युवा मामले और खेल मंत्रालय की राज्य मंत्री रक्षा निखिल खडसे (Raksha Nikhil Khadse) मौजूद रहेंगी।
जुलाई तक 12.5 लाख से अधिक नियुक्ति पत्र
सरकार ने संसद में बताया था कि जुलाई तक रोजगार मेले के माध्यम से शुरुआत से 12.5 लाख से अधिक नियुक्ति पत्र जारी किए जा चुके थे। इसके साथ ही सरकार कौशल विकास और रोजगार के अवसरों को बढ़ाने पर भी जोर दे रही है। महिलाओं के लिए कौशल विकास और रोजगार के अवसर बढ़ाने को सरकार ने महिला-नेतृत्व वाले विकास और लैंगिक समावेशी आर्थिक वृद्धि से भी जोड़ा है।
NCS और FutureSkills PRIME से रोजगार पर फोकस
श्रम एवं रोजगार मंत्रालय की ओर से National Career Service (NCS) Portal संचालित किया जा रहा है। यह एक वन-स्टॉप प्लेटफॉर्म है, जहां रोजगार और करियर से संबंधित सेवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। वहीं, इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) ने IT क्षेत्र में नौकरी तलाशने वालों के कौशल को बेहतर बनाने के लिए FutureSkills PRIME कार्यक्रम शुरू किया है। इसका उद्देश्य नई तकनीकों से जुड़े कौशल के लिए युवाओं को तैयार करना है।