Delhi Road Accident: RK पुरम में बाइक को 100 मीटर तक घसीटती रही कार, 73 वर्षीय चालक गिरफ्तार
दिल्ली के RK पुरम में अफ्रीका एवेन्यू रोड पर Honda Amaze ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक करीब 100 मीटर तक घिसट गई। पुलिस ने 73 वर्षीय चालक को गिरफ्तार किया है।
दिल्ली के आरके पुरम इलाके में एक सड़क हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद मामला चर्चा में है। अफ्रीका एवेन्यू रोड पर एक कार ने सड़क किनारे खड़ी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक कार के साथ करीब 100 मीटर तक घिसटती चली गई। पुलिस ने मामले में 73 वर्षीय चालक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, हादसा 17 सितंबर की रात करीब 10 बजे अफ्रीका एवेन्यू रोड पर हुआ। उस समय मोटरसाइकिल भीकाजी कामा प्लेस से आरके पुरम मेट्रो स्टेशन की ओर जाने वाले रास्ते पर सड़क किनारे खड़ी थी। बाइक पर मुनीरका गांव निवासी 21 वर्षीय तनिष टोकस बैठे हुए थे।
टक्कर के बाद 100 मीटर तक घिसकी बाइक
जानकारी के अनुसार, इसी दौरान एक नीली Honda Amaze कार वहां से गुजरी और मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि तनिष बाइक से नीचे गिर गए। इसके बाद कार मोटरसाइकिल को अपने साथ कुछ दूरी तक घसीटती हुई चली गई।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि युवक खुद कार या बाइक के साथ घिसटते हुए नहीं गए थे। हादसे के बाद उन्हें मेडिकल जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया।
युवक को नहीं आई गंभीर चोट
मेडिकल जांच के बाद पुलिस ने बताया कि तनिष टोकस को कोई गंभीर चोट नहीं आई है। हादसे के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटना में शामिल कार को कब्जे में ले लिया।
जांच के दौरान कार चालक की पहचान 73 वर्षीय वेणुगोपाल के रूप में हुई। पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर मेडिकल जांच कराई। जांच में शराब के सेवन की पुष्टि नहीं हुई।
पुलिस ने दर्ज की FIR
पुलिस के अनुसार, हादसे की सूचना रात करीब 10:22 बजे मिली थी। सूचना मिलने के बाद आरके पुरम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनाक्रम की जांच शुरू की।
इस मामले में आरके पुरम पुलिस स्टेशन में BNS की धारा 281 और 125(ए) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने दुर्घटना में इस्तेमाल कार को जब्त कर लिया है।
हादसे का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में कार को मोटरसाइकिल से टकराते और उसके बाद बाइक को सड़क पर घसीटते हुए देखा जा सकता है। हालांकि, दुर्घटना के पीछे की पूरी परिस्थितियों को लेकर पुलिस की जांच अभी जारी है।
पुलिस हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि टक्कर किन परिस्थितियों में हुई और दुर्घटना के लिए जिम्मेदार परिस्थितियां क्या थीं।