गुवाहाटी, असम: असम विधानसभा चुनावों भारतीय जनता पार्टी और NDA गठबंधन को प्रचंड जीत दिलाने के बाद हिमंता बिस्वा सरमा आज दूसरी बार असम के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं। हिमंता बिस्वा सरमा के साथ 4 मंत्री भी शपथ लेंगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सूबे के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य सुबह 11 बजकर 40 मिनट पर शर्मा और नई मंत्रिपरिषद के सदस्यों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। बता दें कि असम विधानसभा चुनावों में एनडीए ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 102 सीटें जीती थीं जिनमें बीजेपी ने अकेले 82 सीटों पर परचम लहराया था।

हिमंता बिस्वा सरमा के साथ आज शपथ लेने वालों में बीजेपी नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रामेश्वर तेली, असम गण परिषद के अध्यक्ष अतुल बोरा, बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट के नेता चरण बोरो और बीजेपी विधायक अजंता नेओग शामिल हैं। वहीं, बीजेपी के सनियर लीडर रणजीत दास असम विधानसभा के नए अध्यक्ष होंगे। हिमंता बिस्वा सरमा ने खुद X पोस्‍ट के जरिए जानकारी देते हुए कहा कि वह आज 'शपथ लेने के बाद पहली कैबिनेट बैठक भी करेंगे। हिमंत विश्व शर्मा के शपथ ग्रहण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के साथ कई बड़े नेता शामिल होंगे।