लॉस एंजिल्स, अमरीका: Marvel की लोकप्रिय सीरीज 'Daredevil: Born Again' तीसरे सीजन के बाद खत्म हो जाएगी। चार्ली कॉक्स (Charlie Cox) अभिनीत इस सीरीज का तीसरा और अंतिम सीजन बनकर तैयार है और इसके 2027 में डिज्नी (Disney ) पर प्रीमियर होने की उम्मीद है।

Variety की रिपोर्ट के मुताबिक, 'Daredevil: Born Again' का तीसरा सीजन इस सीरीज का अंतिम सीजन होगा। इसकी शूटिंग कुछ महीने पहले पूरी हो चुकी है और फिलहाल सीरीज पोस्ट-प्रोडक्शन के चरण में है। सीरीज के सह-निर्माता और शोरनर डारियो स्कारदापेन (Dario Scardapane) भी इससे अलग हो चुके हैं। हालांकि, तीसरे सीजन के प्रीमियर की तारीख अभी आधिकारिक तौर पर घोषित नहीं की गई है।

चार्ली कॉक्स ने फिर निभाया 'Daredevil' का किरदार

चार्ली कॉक्स ने पहली बार नेटफ्लिक्स की ‘Daredevil’ में अंधे वकील मैट मर्डॉक के रूप में 'Daredevil' का किरदार निभाया था। यह सीरीज 2015 से 2018 तक तीन सीजन चली थी। नेटफ्लिक्स की इस सीरीज ने Marvel की स्ट्रीट-लेवल कहानियों की एक अलग दुनिया की शुरुआत की थी। इसके बाद ‘Jessica Jones’, ‘Luke Cage’ और ‘Iron Fist’ जैसी सीरीज आईं, जबकि इन किरदारों की कहानी ‘The Defenders’ में एक साथ दिखाई गई।

डिज्नी ने 2025 में की थी वापसी

Marvel ने 2025 में डिज्नी पर ‘Daredevil: Born Again’ के जरिए इस किरदार की वापसी कराई। इसमें चार्ली कॉक्स के साथ पुराने कलाकारों में विंसेंट डी'ऑनोफ्रियो (Vincent D’Onofrio) ने विल्सन फिस्क यानी किंगपिन, डेबोरा एन वोल (Deborah Ann Woll) ने कैरेन पेज और विल्सन बेथेल (Wilson Bethel) ने बुल्सआई का किरदार निभाया। एल्डन हेंसन (Elden Henson) भी फॉगी नेल्सन की भूमिका में लौटे।

दूसरे सीजन में जेसिका जोन्स की वापसी

‘Born Again’ के दूसरे सीजन में नेटफ्लिक्स के ‘The Defenders’ से जुड़े किरदारों की वापसी भी देखने को मिली। क्रिस्टन रिटर (Krysten Ritter) ने जेसिका जोन्स के रूप में वापसी की, जबकि माइक कोल्टर (Mike Colter) ने सीजन के फिनाले में ल्यूक केज के रूप में कैमियो किया। आगामी तीसरा सीजन अब इस कहानी का अंतिम अध्याय होगा। फिलहाल इसकी 2027 में डिज्नी पर रिलीज होने की उम्मीद है।