नई दिल्ली: फिल्मकार इम्तियाज अली की विभाजनकाल की पृष्ठभूमि पर आधारित फिल्म 'मैं वापस आऊँगा' दर्शकों के बीच लगातार लोकप्रिय होती जा रही है। रिलीज के एक सप्ताह बाद भी फिल्म की कमाई में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है, जिसे इम्तियाज अली ने दर्शकों के मजबूत समर्थन और सकारात्मक 'वर्ड ऑफ माउथ' का परिणाम बताया है। फिल्म में नसीरुद्दीन शाह, दिलजीत दोसांझ, वेदांग रैना और शरवरी अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं।
रिलीज के बाद फिल्म को समीक्षकों और दर्शकों दोनों से सराहना मिल रही है। मीडिया से बातचीत में इम्तियाज अली ने कहा कि फिल्म की कमाई पहले शुक्रवार की तुलना में एक सप्ताह बाद लगभग दोगुनी हो गई है। उन्होंने कहा, "जिस दिन फिल्म रिलीज हुई थी और आज एक हफ्ते बाद फिर शुक्रवार है, तो कलेक्शन पहले शुक्रवार से लगभग दोगुना है। यह सब दर्शकों और वर्ड ऑफ माउथ की वजह से हुआ है। यह मेरे लिए बेहद खुशी और गर्व की बात है। मैं दर्शकों का दिल से आभार व्यक्त करता हूं।"
रानी मुखर्जी, आयुष्मान और शेखर कपूर ने की तारीफ
इम्तियाज अली ने बताया कि फिल्म रिलीज होने के बाद उन्हें फिल्म इंडस्ट्री के कई बड़े नामों से बधाई और प्रोत्साहन मिला। उन्होंने कहा कि सबसे पहले निर्देशक शेखर कपूर ने फिल्म की जमकर सराहना की। इम्तियाज के अनुसार, शेखर कपूर ने कहा कि जिन्होंने भी फिल्म देखी, उन्होंने इसकी कमियां नहीं बल्कि सिर्फ खूबियां बताईं।
इम्तियाज ने यह भी बताया कि आयुष्मान खुराना ने फिल्म के एक गीत को गाकर सोशल मीडिया पर साझा किया, जिससे वे काफी भावुक हो गए। उन्होंने कहा, "यह उनकी फिल्म नहीं है, फिर भी उन्होंने जिस प्यार से हमारा गाना गाया और साझा किया, उसने मुझे बहुत प्रभावित किया।" इसके अलावा दिया मिर्जा और रानी मुखर्जी समेत कई कलाकारों ने भी फिल्म की खुलकर प्रशंसा की।
दर्शकों से मिलने थिएटर पहुंचे इम्तियाज
शुक्रवार को इम्तियाज अली ने दिल्ली के कई सिनेमाघरों का अचानक दौरा किया और वहां मौजूद दर्शकों से सीधे मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने फिल्म को लेकर दर्शकों की प्रतिक्रिया जानी और उनके साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं। फिल्म को मिल रहे इस उत्साहजनक रिस्पॉन्स ने इम्तियाज अली को बेहद उत्साहित कर दिया है।
When a film touches hearts, the emotions speak louder than words 🥹❤️Main Vaapas Aaunga is creating unforgettable moments with audiences as Imtiaz Ali experienced the overwhelming love and emotional reactions during his theatre visit in Chandigarh!Now in cinemas near you 🎬 pic.twitter.com/3MIVbjVMJL
— Zubed khan (@ZubedK57178) June 20, 2026
12 जून को रिलीज हुई थी फिल्म
'मैं वापस आऊँगा' का निर्माण बिड़ला स्टूडियोज, अप्लॉज एंटरटेनमेंट, मोहित चौधरी और शिबाशीष सरकार की विंडो सीट फिल्म्स ने किया है। फिल्म 12 जून को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी और लगातार दर्शकों का प्यार बटोर रही है।
Add GTC Bharat on Google