पटना: बिहार में सरकारी शिक्षक बनने का इंतजार कर रहे हजारों अभ्यर्थियों के लिए आखिरकार बड़ी खबर सामने आई है। लंबे समय से TRE-4 शिक्षक भर्ती के नोटिफिकेशन की मांग को लेकर चल रहे प्रदर्शन के बीच बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने भर्ती का विस्तृत नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। आयोग की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक इस भर्ती अभियान के तहत कुल 32,388 शिक्षक पदों पर नियुक्ति की जाएगी।
TRE-4 Notification को लेकर पिछले कई महीनों से अभ्यर्थी लगातार आवाज उठा रहे थे। पटना में भी बड़ी संख्या में अभ्यर्थी जुटे और भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मांग की। इसी बीच नोटिफिकेशन जारी होने से शिक्षक भर्ती की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों को बड़ी राहत मिली है।
कक्षा 1 से 12 तक शिक्षकों की भर्ती
BPSC की ओर से जारी भर्ती में अलग-अलग कक्षाओं के लिए अलग पात्रता निर्धारित की गई है। प्राथमिक शिक्षक पद यानी कक्षा 1 से 5 तक आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के लिए CTET Paper-I या BTET Paper-I पास होना जरूरी है।
वहीं, कक्षा 6 से 8 के शिक्षक पदों के लिए CTET Paper-II या BTET Paper-II की पात्रता रखी गई है। माध्यमिक स्तर यानी कक्षा 9 से 10 के लिए उम्मीदवारों को STET Paper-I, जबकि उच्च माध्यमिक यानी कक्षा 11 से 12 के लिए STET Paper-II पास होना अनिवार्य होगा।
TET में कितने अंक जरूरी?
भर्ती के लिए TET में न्यूनतम अंकों की शर्त भी निर्धारित की गई है। सामान्य वर्ग के पुरुष उम्मीदवारों के लिए TET में 60 प्रतिशत अंक जरूरी बताए गए हैं।
सामान्य वर्ग की महिला उम्मीदवारों के साथ-साथ पिछड़ा वर्ग और अत्यंत पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम 55 प्रतिशत अंक निर्धारित हैं। वहीं SC, ST और दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए TET में कम से कम 50 प्रतिशत अंक जरूरी होंगे।
अलग-अलग पदों के लिए अलग शैक्षणिक योग्यता
- प्राथमिक शिक्षक यानी कक्षा 1 से 5 के लिए उम्मीदवार के पास न्यूनतम 50 प्रतिशत अंकों के साथ 12वीं पास होने के अलावा दो वर्षीय D.El.Ed होना चाहिए।
- कक्षा 6 से 8 के शिक्षक पद के लिए संबंधित विषय में स्नातक डिग्री के साथ D.El.Ed या B.Ed की योग्यता निर्धारित की गई है।
- कक्षा 9 से 10 के लिए संबंधित विषय में कम से कम 50 प्रतिशत अंकों के साथ स्नातक या स्नातकोत्तर और B.Ed की आवश्यकता होगी।
- वहीं कक्षा 11 से 12 के लिए संबंधित विषय में न्यूनतम 50 प्रतिशत अंकों के साथ स्नातकोत्तर डिग्री और B.Ed जरूरी होगा।
उम्र सीमा भी तय
- TRE-4 भर्ती में उम्र सीमा भी अलग-अलग शिक्षक पदों के अनुसार निर्धारित की गई है। कक्षा 1 से 5 और कक्षा 6 से 8 के पदों के लिए न्यूनतम आयु 18 वर्ष रखी गई है। जबकि कक्षा 9 से 10 और कक्षा 11 से 12 के पदों के लिए उम्मीदवार की न्यूनतम उम्र 21 वर्ष होनी चाहिए।
- अनारक्षित वर्ग के लिए अधिकतम आयु सीमा 37 वर्ष है। अनारक्षित वर्ग की महिला उम्मीदवारों के साथ BC और EBC अभ्यर्थियों को अधिकतम 40 वर्ष तक आवेदन का अवसर मिलेगा। वहीं SC और ST वर्ग के पुरुष और महिला उम्मीदवारों के लिए अधिकतम आयु सीमा 42 वर्ष निर्धारित की गई है।
प्रदर्शन के बीच आया नोटिफिकेशन
TRE-4 की घोषणा को लेकर अभ्यर्थियों में लंबे समय से नाराजगी थी। भर्ती प्रक्रिया में देरी को लेकर बिहार में कई जगह प्रदर्शन भी हुए। पटना में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने प्रदर्शन कर सरकार से शिक्षक भर्ती का नोटिफिकेशन जारी करने की मांग की थी।
अब BPSC की ओर से विस्तृत अधिसूचना जारी होने के बाद उम्मीदवारों का ध्यान आवेदन प्रक्रिया, परीक्षा कार्यक्रम और आगे की चयन प्रक्रिया पर रहेगा। 32,388 पदों की यह भर्ती बिहार के सरकारी स्कूलों में शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ा अवसर है।
Add GTC Bharat on Google