नई दिल्ली: केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने मंगलवार को मध्य प्रदेश से राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ली। उपराष्ट्रपति और राज्यसभा के सभापति सीपी राधाकृष्णन ने संसद भवन में उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। पुरी मध्य प्रदेश से राज्यसभा के लिए दोबारा निर्वाचित हुए हैं।

शपथ लेने के बाद हरदीप सिंह पुरी ने अपनी राजनीतिक यात्रा को भावुक पल बताया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा भाजपा नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश से चुनाव लड़ने का अवसर देना उनके लिए बड़ी जिम्मेदारी और सम्मान की बात है।

पीएम मोदी और भाजपा नेतृत्व का जताया आभार

मीडिया से बातचीत में हरदीप सिंह पुरी ने कहा, "यह एक लंबी यात्रा रही है और मैं भावुक हूं।" उन्होंने बताया कि 3 सितंबर 2017 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें केंद्रीय मंत्रिपरिषद में शामिल किया था। इसके बाद से वह लगातार राज्यसभा के सदस्य रहे हैं। उन्होंने उत्तर प्रदेश से दो बार राज्यसभा का प्रतिनिधित्व किया है। पुरी ने कहा कि इस बार मध्य प्रदेश से चुनाव लड़ने का अवसर देने के लिए वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी नेतृत्व के प्रति हृदय से आभारी हैं।

14 नवंबर को दिया था इस्तीफा

हरदीप सिंह पुरी ने अपने पिछले राज्यसभा कार्यकाल से इस्तीफा देने की वजह भी बताई। उन्होंने कहा कि उनका पिछला कार्यकाल अभी पूरा नहीं हुआ था, लेकिन मध्य प्रदेश से निर्वाचित होने के बाद उन्हें पुरानी सदस्यता से इस्तीफा देना पड़ा। उन्होंने बताया कि 14 नवंबर को उन्होंने अपना इस्तीफा सौंपा था, जिसे स्वीकार कर लिया गया। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश से राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेना उनके लिए एक बड़ा अवसर है। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री, पार्टी, पार्टी अध्यक्ष और इस फैसले में योगदान देने वाले सभी लोगों का आभार जताया।

शपथ ग्रहण समारोह में कई केंद्रीय मंत्री रहे मौजूद

हरदीप सिंह पुरी के शपथ ग्रहण समारोह में केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया, राजीव रंजन सिंह और अर्जुन राम मेघवाल भी मौजूद रहे। मनसुख मांडविया युवा मामले एवं खेल तथा श्रम एवं रोजगार मंत्रालय की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। वहीं, राजीव रंजन सिंह पंचायती राज और मत्स्य पालन, पशुपालन एवं डेयरी मंत्री हैं।

अर्जुन राम मेघवाल कानून एवं न्याय मंत्रालय में स्वतंत्र प्रभार वाले राज्य मंत्री और संसदीय कार्य राज्य मंत्री हैं। इस अवसर पर राज्यसभा के महासचिव पीसी मोदी और सचिवालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।