नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने केंद्र की एथेनॉल नीति को ‘खामी वाली’ बताते हुए इसके खिलाफ बड़ा कदम उठाने का ऐलान किया है। केजरीवाल ने कहा कि वह मंगलवार को करीब 100 लोगों के साथ प्रधानमंत्री आवास की ओर मार्च करेंगे और 2.33 लाख से अधिक लोगों के हस्ताक्षर वाली याचिका प्रधानमंत्री को व्यक्तिगत रूप से सौंपने की कोशिश करेंगे।

केजरीवाल ने सोमवार को मीडिया से बातचीत में कहा कि उनकी ओर से प्रधानमंत्री को संबोधित एक ऑनलाइन याचिका शुरू की गई थी, जिस पर 2,33,238 लोगों ने हस्ताक्षर किए हैं। उन्होंने कहा कि मंगलवार दोपहर 12 बजे वह अपने कार्यालय से करीब 100 लोगों के साथ प्रधानमंत्री आवास की ओर रवाना होंगे। उनके मुताबिक, इस मार्च का मकसद प्रधानमंत्री को याचिका सौंपना और यह बताना है कि आम आदमी पार्टी एथेनॉल नीति को क्यों गलत मानती है।

E20 Fuel Policy के खिलाफ AAP का अभियान

केजरीवाल का यह प्रस्तावित मार्च केंद्र की E20 ईंधन नीति के खिलाफ AAP के अभियान को और तेज करने वाला कदम माना जा रहा है। E20 पेट्रोल में 20 फीसदी एथेनॉल और 80 फीसदी पेट्रोल का मिश्रण होता है।

केजरीवाल ने केंद्र के सामने इस मुद्दे पर तीन प्रमुख मांगें रखी हैं। उन्होंने कहा कि पेट्रोल पंपों पर लोगों को E20 और शुद्ध पेट्रोल में से चुनने का विकल्प मिलना चाहिए। इसके अलावा उनका कहना है कि E20 पेट्रोल की कीमत शुद्ध पेट्रोल से कम होनी चाहिए और पेट्रोल की कीमत 84 रुपये प्रति लीटर से कम रखी जानी चाहिए।

‘100 लोग साथ चलेंगे, पुलिस कार्रवाई से नहीं डरने वाले’

केजरीवाल ने कहा कि इस मार्च में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि वह अपने साथ ऐसे करीब 100 लोगों को लेकर जाएंगे, जो पुलिस की कार्रवाई या जेल जाने से डरते नहीं हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि जो लोग इस मार्च में शामिल होना चाहते हैं, वे उन्हें मैसेज या टैग करके अपनी इच्छा जाहिर कर सकते हैं।

E100 वाहनों को लेकर भी केजरीवाल की अपील

एथेनॉल नीति पर हमला बोलते हुए केजरीवाल ने लोगों से तब तक पेट्रोल-डीजल वाहन नहीं खरीदने की अपील भी की, जब तक देश में E100 ईंधन के अनुकूल वाहन तैयार नहीं किए जाते। उन्होंने कहा कि जब तक E100 वाहनों का निर्माण देश में शुरू नहीं होता, तब तक लोगों को नए पेट्रोल और डीजल वाहन खरीदने से बचना चाहिए।

AAP का कहना है कि उसका अभियान वाहन मालिकों को ईंधन के विकल्प और कीमतों से जुड़े मुद्दों पर राहत दिलाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। वहीं, केजरीवाल के प्रधानमंत्री आवास तक प्रस्तावित मार्च पर प्रशासन की प्रतिक्रिया और आगे की कार्रवाई पर नजर रहेगी।