अमृतसर, पंजाब: अमृतसर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास रविवार रात ड्रोन गतिविधि की सूचना के बाद पंजाब पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। एयरपोर्ट अथॉरिटी की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। अमृतसर ग्रामीण के एसएसपी (SSP) कंवलप्रीत सिंह चहल ने बताया कि सोमवार सुबह एयरपोर्ट अथॉरिटी की ओर से औपचारिक शिकायत दी गई, जिसके बाद अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया।
एसएसपी ने बताया कि पुलिस ने आसपास के गांवों में टीमें तैनात की हैं और तलाशी अभियान जारी है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि पास के एक गांव में कबड्डी टूर्नामेंट चल रहा था। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि कहीं ड्रोन गतिविधि का संबंध इसी आयोजन से तो नहीं था।
#WATCH | Amritsar, Punjab: Kanwalpreet Singh Chahal, SSP, Amritsar Rural, says, "The police were alerted to an incident last night, and the Airport Authority lodged a formal complaint this morning. Consequently, an FIR has been registered against an unknown person under the… https://t.co/T95LQX90XL pic.twitter.com/vqCgHNhUYR
— ANI (@ANI) September 7, 2026
ड्रोन गतिविधि से करीब डेढ़ घंटे बंद रहा एयरपोर्ट
रविवार रात एयरपोर्ट के परिचालन क्षेत्र में ड्रोन देखे जाने के बाद उड़ान संचालन करीब डेढ़ घंटे तक निलंबित रहा। भारतीय वायुसेना की ओर से रात करीब 9:45 बजे एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को एयरफील्ड में ड्रोन देखे जाने की सूचना दी गई थी। इसके बाद एयरपोर्ट के मानक संचालन प्रोटोकॉल (SOP) के तहत ज्वाइंट एक्शन कमेटी को सक्रिय किया गया। कमेटी ने स्थिति का आकलन करने के बाद संभावित जोखिम को देखते हुए रात करीब 9:50 बजे एयरफील्ड बंद करने का फैसला लिया।
सात उड़ानों को किया गया डायवर्ट
एयरपोर्ट डायरेक्टर अनिरुद्ध कुमार शर्मा के मुताबिक, उस समय कई विमान अमृतसर में उतरने के लिए आसमान में चक्कर लगा रहे थे। ड्रोन गतिविधि के कारण सात उड़ानों को दूसरे एयरपोर्ट पर भेजना पड़ा। इनमें दो उड़ानें चंडीगढ़ और पांच उड़ानें दिल्ली डायवर्ट की गईं। रात करीब 11 बजे स्थिति की दोबारा समीक्षा की गई। जब इसके बाद किसी नई ड्रोन गतिविधि की सूचना नहीं मिली तो रात 11:15 बजे एयरपोर्ट पर परिचालन फिर से शुरू कर दिया गया। सात डायवर्ट की गई उड़ानों में से पांच बाद में अमृतसर लौट आईं। एक एयर इंडिया उड़ान रद्द कर दी गई, जबकि मलेशिया की उड़ान के अगले दिन पहुंचने की जानकारी दी गई।
25 किलोमीटर के दायरे में ड्रोन उड़ाने पर रोक
एसएसपी कंवलप्रीत सिंह चहल ने लोगों से एयरपोर्ट के आसपास बिना अनुमति ड्रोन नहीं उड़ाने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह संवेदनशील और उच्च सुरक्षा वाला क्षेत्र है तथा एयरपोर्ट के 25 किलोमीटर के दायरे में ड्रोन गतिविधि प्रतिबंधित है। पुलिस ने कहा कि इस तरह की गतिविधि से यात्रियों को परेशानी हुई और कई उड़ानों का संचालन प्रभावित हुआ। मामले की जांच जारी है।
Add GTC Bharat on Google