पंजाब: मजदूर दिवस के अवसर पर पंजाब सरकार ने मजदूरों को समर्पित विधानसभा का एक विशेष सत्र आयोजित किया। इस ऐतिहासिक पहल के तहत राज्य सरकार ने मजदूरों की कुर्बानियों और देश की प्रगति में उनके योगदान को सम्मानित करने के लिए यह खास कदम उठाया। सत्र के दौरान मजदूरों की भलाई और उनके अधिकारों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई।
इस दौरान मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पंजाब में न्यूनतम मजदूरी (Minimum Wages) में 15 प्रतिशत बढ़ोतरी का ऐलान किया। इस फैसले के तहत सरकारी और गैर-सरकारी दोनों क्षेत्रों के मजदूर शामिल होंगे।
15 प्रतिशत बढ़ोतरी का ऐलान
सीएम मान ने कहा कि मजदूर दिवस के मौके पर यह मजदूरों के लिए न्यूनतम मजदूरी में 15 प्रतिशत बढ़ोतरी उनकी ओर से एक खास तोहफा है। उन्होंने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि 2013 के बाद दो सरकारें आईं और गईं, लेकिन किसी ने भी मजदूरी में कोई बढ़ोतरी नहीं की।
सीएम मान ने अपने संबोधन में कहा कि यह फैसला मजदूरों की आर्थिक स्थिति को बेहतर बनाने के लिए लिया गया है, ताकि वे महंगाई के दौर में अपना जीवन स्तर सुधार सकें। इस घोषणा से राज्य के हजारों मजदूरों को सीधा लाभ मिलेगा।
6 से 9 मई तक ‘धन्यवाद यात्रा’
मुख्यमंत्री भगवंत मान 6 मई से 9 मई तक पंजाब में एक विशेष “धन्यवाद यात्रा” निकालेंगे। यह यात्रा श्री गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी करने वालों के खिलाफ सख्त सजा के प्रावधान वाले “जगत ज्योत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार संशोधन बिल” के कानून बनने की खुशी में निकाली जा रही है।
इस यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री विभिन्न धार्मिक स्थलों पर माथा टेकेंगे। वे श्री हरिमंदिर साहिब (अमृतसर), श्री आनंदपुर साहिब, श्री दमदमा साहिब सहित अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों पर जाकर गुरु साहिब का आशीर्वाद लेंगे और लोगों का धन्यवाद करेंगे।