चंडीगढ़, पंजाब: भाजपा के राष्ट्रीय मुख्यालय प्रभारी एवं सांसद तरुण चुग ने ड्रग्स पीड़ित परिवारों से मुलाकात के दौरान पंजाब को चिट्टे के कारोबार से मुक्त करने के लिए 31 दिसंबर 2029 की डेडलाइन दोहराई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की डबल इंजन सरकार बनने पर नशे के कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए सख्त और निर्णायक कार्रवाई की जाएगी।

तरुण चुग ने कहा कि नशा तस्करों को कानून के तहत जेल की सलाखों के पीछे भेजा जाएगा और पंजाब में चिट्टे की सप्लाई चेन को तोड़ने के लिए प्रभावी तंत्र तैयार किया जाएगा।

नशे ने घर-घर पहुंचाया पंजाब का दर्द

चुग ने कहा कि ड्रग्स पीड़ित परिवारों की पीड़ा पंजाब में नशे के गंभीर प्रभाव को सामने लाती है। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से बचाना केवल कानून-व्यवस्था का मुद्दा नहीं है, बल्कि पंजाब के सामाजिक और आर्थिक भविष्य से जुड़ा विषय भी है।

उन्होंने कहा कि ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ के जरिए पंजाब के परिवारों और युवाओं की पीड़ा को पूरे प्रदेश के सामने रखा गया। उनके मुताबिक, पठानकोट से शुरू हुई यह यात्रा 13 दिनों में लगभग 4,000 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए 117 विधानसभा क्षेत्रों से होकर जालंधर पहुंची।

पूरी सप्लाई चेन तोड़ने का दावा

तरुण चुग ने कहा कि गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में भाजपा का संकल्प केवल नशा बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई तक सीमित नहीं है। नशे की पूरी सप्लाई चेन, तस्करी और वितरण व्यवस्था को तोड़ने के लिए कठोर और प्रभावी तंत्र तैयार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार का लक्ष्य यह सुनिश्चित करना होगा कि पंजाब के किसी भी युवा तक चिट्टा न पहुंचे और नशे के कारोबार पर निर्णायक प्रहार किया जाए।

PIT-NDPS कानून के इस्तेमाल पर उठाया सवाल

चुग ने नशे के खिलाफ लड़ाई में कानूनों के प्रभावी इस्तेमाल और केंद्रीय एजेंसियों के साथ बेहतर समन्वय को जरूरी बताया। उन्होंने PIT-NDPS कानून के तहत देशभर में 5,000 से अधिक लोगों के खिलाफ हुई कार्रवाई का उल्लेख करते हुए पंजाब में इस कानून के प्रभावी इस्तेमाल पर सवाल उठाया। उन्होंने पंजाब में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) का कार्यालय स्थापित करने जैसे कदमों को भी नशे के खिलाफ अभियान को मजबूत करने के लिए जरूरी बताया।

रोजगार और औद्योगिक विकास पर भी जोर

तरुण चुग ने कहा कि नशा मुक्त पंजाब के साथ युवाओं के लिए रोजगार, किसानों की समस्याओं का समाधान, औद्योगिक विकास और प्रदेश की वित्तीय स्थिति में सुधार भी भाजपा की प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। उन्होंने कहा कि पंजाब का विकास तभी गति पकड़ सकता है, जब प्रदेश का युवा नशे से मुक्त होकर शिक्षा, रोजगार, खेल और उद्यमिता के अवसरों से जुड़े।

‘31 दिसंबर 2029 केवल तारीख नहीं, स्पष्ट संकल्प’

तरुण चुग ने कहा कि 31 दिसंबर 2029 केवल एक तारीख नहीं, बल्कि पंजाब को चिट्टे के कारोबार से मुक्त करने का भाजपा का स्पष्ट संकल्प है। उन्होंने कहा कि ड्रग्स पीड़ित परिवारों का दर्द भाजपा के लिए केवल सुनने का विषय नहीं, बल्कि कार्रवाई का संकल्प है। उन्होंने पंजाब की माताओं, बहनों और युवाओं के साथ मिलकर नशे के खिलाफ लड़ाई को निर्णायक मुकाम तक पहुंचाने और युवा पीढ़ी का भविष्य सुरक्षित करने की बात कही।