भारत और अफगानिस्तान के बीच लंबे इंतजार के बाद एक बार फिर टेस्ट क्रिकेट में मुकाबला होने जा रहा है। दोनों टीमें 6 जून से न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादवेंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में एकमात्र टेस्ट मैच खेलेंगी। यह मुकाबला कई मायनों में खास माना जा रहा है, क्योंकि दोनों देशों के बीच आखिरी टेस्ट मैच वर्ष 2018 में खेला गया था। करीब आठ साल बाद होने जा रहे इस मुकाबले पर क्रिकेट प्रेमियों की खास नजर रहने वाली है।

टीम इंडिया इस मैच में जीत की प्रबल दावेदार मानी जा रही है, लेकिन अफगानिस्तान की टीम भी हाल के वर्षों में टेस्ट क्रिकेट में काफी मजबूत हुई है। ऐसे में यह मुकाबला रोमांचक होने की उम्मीद है।

कब और कहां खेला जाएगा मुकाबला?

भारत और अफगानिस्तान के बीच यह एकमात्र टेस्ट मैच 6 जून से शुरू होगा। मुकाबले का आयोजन न्यू चंडीगढ़ स्थित महाराजा यादवेंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में किया जाएगा। मैच भारतीय समयानुसार सुबह 9:30 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस सुबह 9 बजे होगा।

कहां देखें लाइव मैच?

क्रिकेट प्रशंसक इस मुकाबले का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देख सकेंगे। वहीं मोबाइल और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर मैच की लाइव स्ट्रीमिंग जियो हॉटस्टार ऐप और वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगी

कैसी होगी पिच?

मुल्लांपुर की पिच को संतुलित माना जाता है, जहां बल्लेबाज और गेंदबाज दोनों को मदद मिलने की संभावना रहती है। काली मिट्टी से बनी इस सतह पर शुरुआती सत्र में तेज गेंदबाजों को अतिरिक्त उछाल और मूवमेंट मिल सकती है। जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ेगा, बल्लेबाजी आसान होती जाएगी।

हालांकि चौथे और पांचवें दिन पिच धीमी पड़ सकती है, जिससे स्पिन गेंदबाजों की भूमिका बेहद अहम हो जाएगी। ऐसे में कुलदीप यादव और वाशिंगटन सुंदर जैसे गेंदबाज भारत के लिए मैच विनर साबित हो सकते हैं।

मौसम क्या कहता है?

मौसम विभाग के अनुसार मैच के पहले दिन गर्मी का असर देखने को मिल सकता है। दोपहर के समय तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। सुबह हल्की आंधी या बादल छाए रहने की संभावना है, लेकिन पूरे दिन बारिश की संभावना बेहद कम है। इससे मैच बिना किसी बड़े व्यवधान के आगे बढ़ने की उम्मीद है।

भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन

भारतीय टीम युवा और अनुभवी खिलाड़ियों के मिश्रण के साथ मैदान में उतर सकती है। कप्तान शुभमन गिल पर टीम की जिम्मेदारी होगी, जबकि ऋषभ पंत की वापसी भी चर्चा का विषय बनी हुई है।

संभावित प्लेइंग XI:यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), देवदत्त पडिक्कल, नितीश कुमार रेड्डी, वाशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा।

अफगानिस्तान की संभावित प्लेइंग इलेवन

अफगानिस्तान की टीम अपनी मजबूत स्पिन आक्रमण और संतुलित बल्लेबाजी के दम पर भारत को चुनौती देने की कोशिश करेगी।

संभावित प्लेइंग XI:रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), सेदिकुल्लाह अटल, रहमत शाह, हशमतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), इकराम अलीखिल, अजमतुल्लाह उमरजई, शराफुद्दीन अशरफ, नांग्याल खारोताई, कैस अहमद, बिलाल सामी, सलीम सफी।

मुकाबले पर सबकी नजर

भारतीय टीम के लिए यह टेस्ट युवा खिलाड़ियों को खुद को साबित करने का बड़ा अवसर होगा। वहीं अफगानिस्तान चाहेगा कि वह मजबूत भारतीय टीम के खिलाफ यादगार प्रदर्शन करे। क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि यदि अफगानिस्तान शुरुआती दिनों में दबाव बना लेता है, तो मुकाबला काफी दिलचस्प हो सकता है।

अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या भारत घरेलू परिस्थितियों का फायदा उठाकर जीत दर्ज करता है या अफगानिस्तान कोई बड़ा उलटफेर करने में सफल रहता है।