नई दिल्ली: भारत और नेपाल के बीच धार्मिक पर्यटन और रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल होने जा रही है। भगवान श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या और माता सीता की जन्मस्थली माने जाने वाले जनकपुरधाम को जोड़ने के लिए विशेष साप्ताहिक ट्रेन सेवा शुरू करने की तैयारी है। इस सेवा का उद्घाटन 23 नवंबर 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह वर्चुअल माध्यम से कर सकते हैं।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों की ओर से नई दिल्ली से इस रेल सेवा को हरी झंडी दिखाए जाने की संभावना है। अयोध्या रेलवे स्टेशन पर उद्घाटन कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी है, जहां से इसका सीधा प्रसारण किया जा सकता है। प्रस्तावित रेल सेवा का ट्रायल भी किया जा चुका है।
जनकपुरधाम से अयोध्या के बीच चलेगी साप्ताहिक ट्रेन
नेपाल रेलवे कंपनी के प्रबंध निदेशक परिवेश पराजुली ने एएनआई को बताया कि जनकपुरधाम-अयोध्या रेल सेवा शुरू करने की तैयारियां चल रही हैं। दोनों देशों के बीच ट्रेन के संचालन की प्रक्रिया और तौर-तरीकों पर बातचीत जारी है।
शुरुआत में सप्ताह में एक राउंड ट्रिप चलाने की योजना है। यात्रियों की संख्या और मांग को देखते हुए भविष्य में ट्रेन की आवृत्ति बढ़ाई जा सकती है। प्रस्तावित व्यवस्था के अनुसार, ट्रेन जनकपुरधाम से अयोध्या जाएगी और अगले दिन वापसी करेगी।
Indian Railways has approved a new weekly train service connecting Janakpur Dham in Nepal with Ayodhya Cantt in Uttar Pradesh. The weekly train will run from Janakpur Dham on Saturdays and from Ayodhya Cantt on Mondays, with key stoppages including Jaynagar, Madhubani, Sitamarhi, Raxaul, Narkatiaganj, Gorakhpur, Basti, Mankapur, and Ayodhya Dham.
The service aims to facilitate Ramayana circuit tourism, ease cross-border travel for pilgrims, and strengthen regional economic links.
— ANI (@ANI) November 14, 2026
जयनगर से जनकपुरधाम तक हुआ ट्रायल
इस रेल सेवा को शुरू करने से पहले भारतीय और नेपाली अधिकारियों ने प्रस्तावित रेलखंड का निरीक्षण किया है। नवंबर की शुरुआत में भारतीय ट्रेन का जयनगर से जनकपुरधाम के कुर्था स्टेशन तक परीक्षण किया गया था। इस दौरान रेलवे, सुरक्षा, सीमा शुल्क और आव्रजन विभागों के अधिकारियों ने रेल परिचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
दोनों देशों के बीच यात्रियों की सुरक्षा, सीमा पर जांच और ट्रेन संचालन की जिम्मेदारियों को लेकर भी बातचीत हुई है। प्रस्तावित व्यवस्था के तहत नेपाल के हिस्से में यात्रियों और ट्रेन की सुरक्षा की जिम्मेदारी नेपाली एजेंसियों की होगी, जबकि भारतीय क्षेत्र में यह जिम्मेदारी भारतीय एजेंसियां संभालेंगी। शुरुआती चरण में ट्रेन का संचालन भारतीय रेलवे करेगा।
रामायण सर्किट और धार्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
अयोध्या और जनकपुरधाम का धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व भारत और नेपाल दोनों के लिए खास है। अयोध्या को भगवान श्रीराम की जन्मभूमि माना जाता है, जबकि नेपाल के जनकपुरधाम को माता सीता की जन्मस्थली के रूप में मान्यता प्राप्त है।
दोनों शहरों के बीच सीधी रेल सेवा शुरू होने से श्रद्धालुओं और पर्यटकों को यात्रा में सुविधा मिलने की उम्मीद है। इससे रामायण सर्किट के तहत धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिल सकता है। इसके अलावा, रेल संपर्क बेहतर होने से दोनों देशों के बीच व्यापार, स्थानीय पर्यटन, होटल और परिवहन सेवाओं को लाभ मिलने की संभावना है। यह पहल भारत और नेपाल के पारंपरिक सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में भी अहम मानी जा रही है।
भारत-नेपाल रेल संपर्क में नया अध्याय
भारत और नेपाल के बीच पहले से ही जयनगर से जनकपुरधाम होते हुए बिजलपुरा तक रेल सेवा संचालित है। अब अयोध्या तक प्रस्तावित विस्तार से दोनों देशों के प्रमुख धार्मिक स्थलों के बीच सीधा संपर्क स्थापित हो सकेगा। हालांकि, नई सेवा के नियमित संचालन से पहले कुछ प्रशासनिक और परिचालन संबंधी प्रक्रियाओं को अंतिम रूप दिया जाना बाकी है। ऐसे में 23 नवंबर का प्रस्तावित उद्घाटन इस परियोजना की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हो सकता है।
Add GTC Bharat on Google