वियना, ऑस्ट्रिया: ऑस्ट्रिया में भारत के राजदूत शंभू कुमारन ने बुधवार को वियना के स्कूली बच्चों को पंचतंत्र की कहानियां सुनाकर भारतीय संस्कृति और नैतिक मूल्यों से परिचित कराया। भारतीय दूतावास ने इस पहल को "गुरुकुल डिप्लोमेसी" का नाम दिया है। भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, "गुरुकुल डिप्लोमेसी के तहत भारत के राजदूत शंभू कुमारन ने वियना के स्कूली बच्चों को पंचतंत्र की कहानियां सुनाईं।"
दूतावास ने यह भी बताया कि हाल ही में ऑस्ट्रियाई स्कूली बच्चों के लिए पंचतंत्र का जर्मन भाषा में अनुवाद प्रकाशित किया गया है, ताकि वे भारतीय लोककथाओं और उनके नैतिक संदेशों को अपनी भाषा में समझ सकें। वहीं, राजदूत शंभू कुमारन ने इस पहल को भारत और ऑस्ट्रिया के बीच सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि ऑस्ट्रियाई बच्चों को पंचतंत्र की कहानियों से इतनी सहजता से जुड़ते देखना बेहद सुखद अनुभव रहा।
ऑस्ट्रेलियाई बच्चे पंचतंत्र की कहानियों से आसानी से जुड़ गए
राजदूत शंभू कुमारन ने अपने संदेश में लिखा, "यह देखकर बेहद खुशी हुई कि ऑस्ट्रियाई बच्चे पंचतंत्र की कहानियों से इतनी आसानी से जुड़ गए। कुछ रंग-बिरंगी कहानियों के माध्यम से महाद्वीपों और पीढ़ियों को जोड़ने वाले इस सांस्कृतिक सेतु का हिस्सा बनकर प्रसन्न हूं।" उन्होंने पुस्तक में आकर्षक चित्रांकन करने वाले ऑस्ट्रियाई कार्टूनिस्ट क्लाउस पिटर का भी विशेष आभार व्यक्त किया।
‘Gurukul Diplomacy’ Indian Ambassador Shambhu Kumaran @shambhukumaran reading stories from the Panchatantra to school children in Vienna.The Embassy had recently published a German language translation of the Panchatantra for Austrian school children.Watch snippets of the…
— India in Austria (@IndiainAustria) July 1, 2026
भारतीय दूतावास की पहल 'स्टोरीज़ ऑफ द पंचतंत्र' पॉडकास्ट
गौरतलब है कि शंभू कुमारन पिछले कुछ समय से ऑस्ट्रिया के विभिन्न स्कूलों में बच्चों को नियमित रूप से पंचतंत्र की कहानियां सुना रहे हैं। इससे पहले जून महीने में भारतीय दूतावास ने वियना शहर प्रशासन और 'बाउंस बैक' परियोजना के सहयोग से "स्टोरीज़ फ्रॉम द पंचतंत्र" नामक वीडियो पॉडकास्ट श्रृंखला का नया अध्याय शुरू किया था। इस श्रृंखला में प्रसिद्ध ऑस्ट्रियाई पॉडकास्टर थॉमस ब्रेज़िना जर्मन भाषा में पंचतंत्र की कालजयी कहानियां सुनाते हैं।
Heart warming to see Austrian kids connecting so easily with the Panchatantra. Pleased to be part of this cultural bridge that connects continents and generations with a few colourful stories. Special thanks to Austrian cartoonist Klaus Pitter for his vibrant illustrations. https://t.co/cKNoDBzKlL
— Shambhu S. Kumaran (@shambhukumaran) July 1, 2026
'पंचतंत्र' प्राचीन भारत की प्रसिद्ध नीति-कथाओं का संग्रह है
कार्यक्रम के दौरान वियना के एक स्कूल के 50 से अधिक छात्रों ने भाग लिया। इस अवसर पर शंभू कुमारन ने बच्चों को चुनिंदा कहानियां सुनाईं और उनसे संवाद भी किया। बच्चों ने अपने पसंदीदा पात्रों और कहानियों से मिली सीख को उत्साहपूर्वक साझा किया। पंचतंत्र प्राचीन भारत की प्रसिद्ध नीति-कथाओं का संग्रह है, जिसमें पशु-पक्षियों के माध्यम से नैतिकता, नेतृत्व, बुद्धिमत्ता और व्यावहारिक जीवन के महत्वपूर्ण सिद्धांत सिखाए जाते हैं।
Add GTC Bharat on Google