नई दिल्ली: भारत और वेनेजुएला ने द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने तथा ऊर्जा सुरक्षा के क्षेत्र में दीर्घकालिक सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया है। विदेश मंत्रालय के अनुसार, दोनों देशों के बीच उच्चस्तरीय वार्ता में ऊर्जा, व्यापार, निवेश, स्वास्थ्य, ऑटोमोबाइल और अन्य क्षेत्रों में सहयोग के नए अवसरों पर चर्चा हुई। विदेश मंत्रालय में सचिव (पूर्व) रुद्रेंद्र टंडन ने बताया कि वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति Delcy Rodríguez एक बड़े मंत्रीमंडलीय प्रतिनिधिमंडल के साथ भारत आई हैं और उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ विस्तृत बातचीत हुई।

टंडन ने कहा कि वेनेजुएला हाल के महीनों में भारत के लिए कच्चे तेल का प्रमुख आपूर्तिकर्ता बनकर उभरा है और दोनों देशों के बीच ऊर्जा क्षेत्र में "पूर्ण पूरकता" मौजूद है। उन्होंने कहा कि भारत और वेनेजुएला अपस्ट्रीम तथा डाउनस्ट्रीम दोनों क्षेत्रों में दीर्घकालिक ऊर्जा साझेदारी विकसित कर सकते हैं।

ऊर्जा क्षेत्र के अलावा खनन, पशुपालन, परिवहन, कृषि उपकरण आदि पर हुई चर्चा

बैठक में ऊर्जा क्षेत्र के अलावा खनन, पशुपालन, परिवहन, कृषि उपकरण, ऑटोमोबाइल और फार्मा उद्योगों में निवेश एवं व्यापार की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। भारत ने इन क्षेत्रों में भारतीय कंपनियों की भागीदारी बढ़ाने में रुचि दिखाई। विदेश मंत्रालय के अनुसार, वेनेजुएला भारत को भविष्य के लिए एक "पसंदीदा साझेदार" मानता है। दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय संबंधों को और गहरा करने तथा ग्लोबल साउथ के हितों को आगे बढ़ाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।