मुंबई: इजरायल ने छत्रपति शिवाजी महाराज के सम्मान में अपने किसी प्रमुख शहर में उनकी एक भव्य प्रतिमा स्थापित करने की योजना की घोषणा की है। इस परियोजना को भारत और इजरायल के बीच सांस्कृतिक और जन-जन के संबंधों को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। शिवराज्याभिषेक दिवस के अवसर पर मुंबई स्थित इजरायल के महावाणिज्य दूत यानिव रेवाच ने इस प्रस्ताव की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह प्रतिमा केवल एक स्मारक नहीं होगी, बल्कि दोनों देशों के लोगों को जोड़ने वाली दीर्घकालिक परियोजना साबित होगी।
यानिव रेवाच ने कहा, "हम अच्छी तरह समझते हैं कि छत्रपति शिवाजी महाराज का भारत के लिए कितना बड़ा महत्व है। हमारी योजना महाराज की एक विशाल प्रतिमा तैयार कर उसे इजरायल के किसी बड़े शहर में स्थापित करने की है। यह सिर्फ एक सामान्य परियोजना नहीं, बल्कि लंबे समय तक चलने वाली पहल होगी, जो भारतीय और इजरायली लोगों को आपस में जोड़ने का कार्य करेगी।"
#WATCH | Mumbai: Regarding his meeting with Maharashtra CM Devendra Fadnavis, Consul General of Israel to Mumbai, Yaniv Revach, says, "...we understand exactly what the influence is and how important Chhatrapati Shivaji Maharaj is to India... the idea was to build the big statue… pic.twitter.com/yLTw8K4LIO
— ANI (@ANI) June 6, 2026
छत्रपति शिवाजी की प्रतिमा दोनों देशों के मजबूत संबंधों का प्रतीक
यानिव रेवाच ने बताया कि इजरायल में छत्रपति शिवाजी महाराज के बारे में जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता है। उनके अनुसार, भारत की यात्रा के दौरान उन्होंने देखा कि भारतीय लोगों के मन में इजरायल और उसके राष्ट्रीय नायकों के प्रति गहरा सम्मान है। इससे पहले, यानिव रेवाच ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को लिखे एक पत्र में कहा था कि इजरायल में छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा दोनों देशों के मजबूत संबंधों का प्रतीक बनेगी।
उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि महाराष्ट्र और भारतीय यहूदी समुदाय के ऐतिहासिक संबंध रहे हैं, जिनके वंशज आज इजरायली समाज में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। इजरायल के महावाणिज्य दूतावास ने कहा कि मित्रता और सांस्कृतिक सहयोग की इसी भावना के तहत इजरायल में छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा स्थापित करने का निर्णय लिया गया है।
Add GTC Bharat on Google