टोक्यो, जापान: जापान के उत्तर-पूर्वी क्षेत्र में स्थित इवाते प्रांत के तट के पास रविवार सुबह 6.1 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया। जापान मौसम विज्ञान एजेंसी (जेएमए) ने बताया कि इस भूकंप से सुनामी का कोई खतरा नहीं है।

जेएमए के अनुसार, भूकंप स्थानीय समयानुसार सुबह 5:21 बजे आया और इसका केंद्र समुद्र में 41 किलोमीटर की गहराई पर था। भूकंप की अधिकतम तीव्रता जापान के भूकंपीय पैमाने पर लोअर-5 (5-) दर्ज की गई। सबसे अधिक झटके आओमोरी प्रांत के हाचिनोहे शहर और इवाते प्रांत के फुदाई गांव में महसूस किए गए। वहीं होक्काइडो से लेकर कांतो-कोशिन क्षेत्र तक कई इलाकों में 1 से 4 तीव्रता के झटके महसूस किए गए।

अगले एक सप्ताह तक भूकंप आने की चेतावनी

एजेंसी ने बताया कि यह भूकंप पश्चिम-उत्तर-पश्चिम से पूर्व-दक्षिण-पूर्व दिशा में दबाव वाली रिवर्स फॉल्ट गतिविधि के कारण आया। सुबह 7 बजे तक इस भूकंप के बाद 1 या उससे अधिक तीव्रता का कोई आफ्टरशॉक दर्ज नहीं किया गया।

जेएमए ने कहा कि यह भूकंप उसी क्षेत्र में आया है, जहां 25 जून को 6 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया था। एजेंसी ने चेतावनी दी है कि प्रभावित क्षेत्रों में अगले लगभग एक सप्ताह तक 6 तीव्रता तक के झटके आने की आशंका बनी हुई है। साथ ही, जिन इलाकों में तेज झटके महसूस किए गए हैं, वहां चट्टानें गिरने और भूस्खलन का खतरा बढ़ सकता है। लोगों से सतर्क रहने और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।

भूकंप के बाद सूनामी का खतरा नहीं- प्रधानमंत्री, जापान

इस बीच जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा कि भूकंप के बाद सुनामी का कोई खतरा नहीं है। उन्होंने बताया कि 25 जून के भूकंप के बाद प्रधानमंत्री कार्यालय में स्थापित संकट प्रबंधन कार्यालय स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

प्रधानमंत्री ने अधिकारियों को नुकसान का तत्काल आकलन करने, जनता तक सही और समय पर जानकारी पहुंचाने तथा सभी आवश्यक राहत एवं सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने हाल के दिनों में लगातार आ रहे भूकंपों को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने और सावधानी बरतने की अपील की।