नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पेरू के राष्ट्रपति चुनाव में जीत हासिल करने पर रूढ़िवादी नेता केइको फुजीमोरी को हार्दिक बधाई दी है। उन्होंने उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं देते हुए भारत और पेरू के बीच द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई।

एक्स पर साझा किए गए संदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "पेरू के राष्ट्रपति चुनाव में आपकी जीत पर हार्दिक बधाई, केइको फुजीमोरी। भारत, पेरू के साथ अपनी घनिष्ठ मित्रता को अत्यंत महत्व देता है और विभिन्न क्षेत्रों में हमारी द्विपक्षीय साझेदारी को और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। मैं आपके सफल कार्यकाल की कामना करता हूं और हमारे दोनों देशों के लोगों के हित में आपसे मिलकर संबंधों को और गहरा करने की आशा करता हूं।"

51 वर्षीय केइको फुजीमोरी चौथी बार राष्ट्रपति पद की दौड़ में थीं

स्थानीय समयानुसार शुक्रवार को केइको फुजीमोरी को पेरू के राष्ट्रपति चुनाव के रनऑफ में विजेता घोषित किया गया। चुनाव अभियान के दौरान देश में बढ़ते अपराध के मुद्दे प्रमुख रहे। 51 वर्षीय केइको फुजीमोरी चौथी बार राष्ट्रपति पद की दौड़ में थीं। इस जीत के साथ वह इस महीने के अंत में पदभार ग्रहण करेंगी और पिछले 10 वर्षों में पेरू की नौवीं राष्ट्रपति बनेंगी।

देश के शीर्ष चुनावी प्राधिकरण ने उनके चुनाव परिणाम को आधिकारिक रूप से प्रमाणित कर दिया है। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, 100 प्रतिशत मतों की गिनती के बाद केइको फुजीमोरी को 92 लाख 23 हजार से अधिक वोट मिले, जो कुल मतों का 50.135 प्रतिशत है। वहीं उनके प्रतिद्वंद्वी राष्ट्रवादी सांसद रोबर्टो सांचेज़ को 91 लाख 73 हजार से अधिक वोट मिले, जो 49.865 प्रतिशत मतों के बराबर है।

केइको फुजीमोरी ने अपनी जीत का श्रेय जनता को दिया

अपनी जीत के बाद केइको फुजीमोरी ने एक्स पर लिखा कि चुनाव प्रक्रिया पूरी होने और आधिकारिक परिणाम घोषित होने के बाद वह उन लाखों पेरूवासियों की आभारी हैं जिन्होंने उन पर विश्वास जताया। उन्होंने कहा कि अब एक नए दौर की शुरुआत हो रही है, जिसे उनकी टीम जिम्मेदारी, विनम्रता और कर्तव्य की भावना के साथ आगे बढ़ाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि नई सरकार के गठन से पहले का हर दिन जनता की बात सुनने, संवाद करने और बेहतर तैयारी करने का अवसर होगा।