जकार्ता, इंडोनेशिया: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भारत और इंडोनेशिया के बीच मित्रता को मजबूत करने में उनके नेतृत्व के लिए इंडोनेशिया गणराज्य का सर्वोच्च सम्मान 'बिंतांग आदिपूर्णा' (स्टार ऑफ इंडोनेशिया) प्रदान किया गया। यह सम्मान इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने मंगलवार को प्रदान किया।
विदेश मंत्रालय ने बताया कि यह सम्मान भारत-इंडोनेशिया संबंधों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने और इंडोनेशिया की एकता, निरंतरता एवं समृद्धि में योगदान के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दिया गया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा, "यह भारत-इंडोनेशिया मित्रता को समर्पित सम्मान है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने 'बिंतांग आदिपूर्णा' से सम्मानित किया। यह इंडोनेशिया गणराज्य का सर्वोच्च सम्मान है। प्रधानमंत्री ने यह सम्मान भारत की जनता और दोनों देशों की स्थायी मित्रता को समर्पित किया।"
A tribute to the India-Indonesia friendship.Prime Minister @narendramodi was conferred ‘Bintang Adipurna of the Republic of Indonesia’ Medal of Honor by President @prabowo. This is the highest honor of Republic of Indonesia. It has been awarded in recognition of PM’s leadership… pic.twitter.com/wDtSIPsViS
— Randhir Jaiswal (@MEAIndia) July 7, 2026
पीएम मोदी ने इंडोनेशिया के सर्वोच्च सम्मान को भारतवासियों को समर्पित किया
सम्मान प्राप्त करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे भारत के 140 करोड़ नागरिकों को समर्पित करते हुए कहा कि यह सम्मान दोनों देशों के ऐतिहासिक और गहरे संबंधों का प्रतीक है। राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के साथ संयुक्त प्रेस वार्ता में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "आज सुबह मुझे इंडोनेशिया का सर्वोच्च सम्मान बड़े स्नेह और सम्मान के साथ प्रदान किया गया। यह सम्मान भारत के करोड़ों नागरिकों का है। यह इंडोनेशिया की जनता की भावनाओं और हमारे दोनों देशों के ऐतिहासिक, गहरे और मजबूत संबंधों का प्रतिबिंब है। इसके लिए मैं राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो, इंडोनेशिया सरकार और यहां की जनता का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।"
"हम मिलकर 'इंडोनेशिया एमास' और विकसित भारत के सपनों को साकार करेंगे"
भारत-इंडोनेशिया संबंधों पर बोलते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि दोनों देशों के लिए स्वर्णिम युग का आगमन हो रहा है। उन्होंने कहा, "वैश्विक अस्थिरता के इस दौर में भारत का मानना है कि संवाद और कूटनीति की भूमिका पहले से कहीं अधिक महत्वपूर्ण हो गई है। फिलिस्तीन मुद्दे पर भारत दो-राष्ट्र समाधान और स्थायी शांति का समर्थन करता है। हमारे दोनों देशों के सामने स्वर्णिम भविष्य है। हमारे बीच साझा सांस्कृतिक विरासत, वर्तमान में मजबूत विश्वास और भविष्य में साझा समृद्धि का लक्ष्य है। मुझे विश्वास है कि हम मिलकर 'इंडोनेशिया एमास' (स्वर्णिम इंडोनेशिया) और विकसित भारत के सपनों को साकार करेंगे।"
Add GTC Bharat on Google