पेरिस, फ्रांस: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पेरिस पहुंचते ही भारतीय समुदाय में खुशी और गर्व का माहौल देखने को मिला। भारतीय समुदाय के एक सदस्य ने मीडिया से बातचीत में कहा, “मैं एक वैज्ञानिक हूं और मुझे इस बात पर बहुत गर्व है कि ‘भारत इनोवेट्स 2026’ का संयुक्त रूप से उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने किया है।”

भारतीय समुदाय के सदस्य प्रतीक ने बताया कि वह बीएपीएस स्वामीनारायण मंदिर से जुड़े हुए हैं, जिसका उद्घाटन इस वर्ष सितंबर में होने जा रहा है।उन्होंने कहा, “मैं बीएपीएस स्वामीनारायण मंदिर से जुड़ा हूं, जो इस वर्ष सितंबर में खुलने जा रहा है। यह पेरिस का पहला हिंदू मंदिर होगा। हमने मोदी जी को भी आमंत्रित किया है और पूरे भारत के लोगों को भी आमंत्रण दिया है।” इंडिया-फ्रांस एसोसिएशन के अध्यक्ष बीरेन शाह ने कहा, “हम पेरिस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत करके बेहद खुश हैं। वह हम सभी को गौरवान्वित कर रहे हैं।”

पीएम मोदी ने की पेरिस में भारतीय समुदाय की सराहना

प्रधानमंत्री मोदी ने भी भारत और फ्रांस के बीच संबंधों को मजबूत बनाने में भारतीय समुदाय की भूमिका की सराहना की। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा, “मैं कुछ समय पहले ही पेरिस पहुंचा हूं, जहां भारतीय समुदाय ने मेरा गर्मजोशी से स्वागत किया। भारत और फ्रांस को और करीब लाने के उनके प्रयासों पर मुझे गर्व है। भारत-फ्रांस साझेदारी हमारे ग्रह की प्रगति के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।”

पेरिस दौरे से पहले पीएम मोदी ने G-7 सम्मेलन में लिया था भाग

प्रधानमंत्री मोदी फ्रांस यात्रा के अंतिम चरण के तहत आज पेरिस पहुंचे। फ्रांस की राजधानी पहुंचने पर उनके होटल के बाहर बड़ी संख्या में भारतीय समुदाय के लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। समर्थकों ने उत्साहपूर्वक उनका अभिनंदन किया और उनके समर्थन में नारे लगाए। पेरिस दौरे से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने एवियन में आयोजित G-7 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लिया था, जहां उन्होंने वैश्विक शासन, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) और ग्लोबल साउथ के साथ सहयोग जैसे महत्वपूर्ण वैश्विक मुद्दों पर कई नेताओं के साथ चर्चा की।