विक्टोरिया, सेशेल्स: सेशेल्स की राष्ट्रीय विधानसभा में सरकार की नेता सिल्वान लिडी लेमियल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सेशेल्स यात्रा दोनों देशों के बीच दशकों पुराने मैत्रीपूर्ण संबंधों को और मजबूत करेगी। उन्होंने कहा कि भारत के पास ऐसे प्रधानमंत्री हैं जो लंबे समय से देश का नेतृत्व कर रहे हैं और उत्कृष्ट कार्य कर रहे हैं।
मीडिया से बातचीत में सिल्वान लिडी लेमियल ने कहा, "सेशेल्स के लिए यह यात्रा बेहद महत्वपूर्ण है क्योंकि भारत के साथ हमारी लंबे समय से मित्रता रही है। हमारी स्वतंत्रता की 50वीं वर्षगांठ पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यहां आना हमारे लिए बहुत विशेष अवसर है।"
"मेरा मानना है कि भारत के पास एक अच्छे प्रधानमंत्री हैं"
सिल्वान लिडी लेमियल ने भारत के लोगों को शुभकामनाएं देते हुए कहा, "मैं भारत के लोगों से कहना चाहती हूं कि वे हमेशा शांति के साथ रहें, श्रेष्ठ मूल्यों को अपनाएं और सहयोग की भावना बनाए रखें। मेरा मानना है कि भारत के पास एक अच्छे प्रधानमंत्री हैं, जो लंबे समय से इस पद पर हैं और उत्कृष्ट कार्य कर रहे हैं। मुझे लगता है कि वह भारत, हिंद महासागर क्षेत्र और सेशेल्स के लिए अच्छा काम कर रहे हैं।"
उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में दोनों देशों को संसदीय और संस्थागत सहयोग को और मजबूत करना चाहिए। उन्होंने जलवायु परिवर्तन से निपटने, ब्लू इकोनॉमी, नवीकरणीय ऊर्जा, डिजिटल परिवर्तन और नवाचार जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया।
#WATCH | Victoria, Seychelles: Sylvanne Lydie Lemiel, Leader of Government Business in the National Assembly of Seychelles, says, "This is very important for us in Seychelles because we share a long-standing friendship with India. It is very special for us to have Prime Minister… pic.twitter.com/M4xsWVzAlC
— ANI (@ANI) June 28, 2026
भारत- सेशेलल्स संबंध और मजबूत होंगे
सिल्वान लिडी लेमियल ने भारत के 'महासागर' (Mutual and Holistic Advancement for Security and Growth Across Regions) विजन का स्वागत करते हुए कहा कि यह सेशेल्स की क्षेत्रीय सहयोग, स्थिरता और सतत विकास की सोच से पूरी तरह मेल खाता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अगले 50 वर्षों में भारत-सेशेल्स संबंध और अधिक मजबूत होंगे।
पीएम मोदी का सेशेल्स में आना सम्मान की बात- सिल्वान लिडी लेमियल
वहीं, सेशेल्स की पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री अमांडा बर्नस्टीन ने कहा कि भारत, सेशेल्स आने वाले पर्यटकों के लिए शीर्ष 10 देशों में शामिल है। उन्हें उम्मीद है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यात्रा के बाद और अधिक भारतीय पर्यटक सेशेल्स घूमने में रुचि दिखाएंगे। उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री मोदी का सेशेल्स आना हमारे लिए सम्मान की बात है। हम भारत के साथ द्विपक्षीय संबंधों के 50 वर्ष और अपनी स्वतंत्रता के 50 वर्ष पूरे होने का जश्न मना रहे हैं। भारत हमारे प्रमुख पर्यटन बाजारों में से एक है और मुझे विश्वास है कि इस यात्रा के बाद अधिक भारतीय सेशेल्स आने के लिए प्रेरित होंगे।"
सेशेल्स में हुई है बॉलीवुड की कई फिल्मों की शूटिंग
अमांडा बर्नस्टीन ने कहा कि सेशेल्स प्राकृतिक सुंदरता, समुद्र तटों, पहाड़ों और सांस्कृतिक विविधता के लिए जाना जाता है। उन्होंने भारत के साथ सांस्कृतिक आदान-प्रदान, रचनात्मक उद्योगों और फिल्म क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने की इच्छा भी जताई। उन्होंने कहा कि कई बॉलीवुड फिल्मों की शूटिंग सेशेल्स में हो चुकी है और भविष्य में फिल्म उद्योग, संगीत तथा नृत्य के क्षेत्र में भारत के साथ साझेदारी और मजबूत करने की उम्मीद है।
Add GTC Bharat on Google