नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने 21 जून को होने वाली NEET-UG 2026 री-एग्जाम में शामिल होने वाले छात्रों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने छात्रों से तनाव मुक्त होकर परीक्षा देने और अपनी मेहनत पर भरोसा रखने की अपील की।
सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट करते हुए केजरीवाल ने लिखा, “हैलो बच्चों! आपकी NEET परीक्षा के लिए ढेर सारी शुभकामनाएं। अब अपना सारा तनाव एक तरफ रख दीजिए। अपनी मेहनत पर भरोसा रखिए और पूरी शांति के साथ परीक्षा दीजिए। आप यह कर सकते हैं।” केजरीवाल ने एक वीडियो संदेश भी जारी किया, जिसमें उन्होंने छात्रों की कठिनाइयों को स्वीकार करते हुए कहा कि एक ही महीने में दो बार परीक्षा देना आसान नहीं होता।
‘एक महीने में दो बार परीक्षा देना मजाक नहीं’
अरविंद केजरीवाल ने कहा, “इस रविवार को NEET परीक्षा है। मुझे पता है कि आप सभी ने बहुत कुछ सहा है। एक महीने में दो बार परीक्षा देना कोई मजाक नहीं है। लेकिन अब उन बातों को पीछे छोड़ दीजिए और पूरी लगन से पढ़ाई पर ध्यान दीजिए। अब सिर्फ कुछ घंटे बचे हैं। शांत और सकारात्मक मन से परीक्षा देने जाइए।” इसके आगे उन्होंने कहा, “मुझे पूरा विश्वास है कि आप सभी शानदार प्रदर्शन करेंगे। आप NEET पास करेंगे और अच्छे डॉक्टर बनेंगे। आप सभी को मेरी शुभकामनाएं। ईश्वर आपका भला करे।”
Hello Bachchon! All the best for your NEET exam.Saara stress ab side mein rakh do. Apni mehnat par bharosa rakho aur bilkul shant mann se exam dena. You’ve got this 👍 pic.twitter.com/o1XLiwINvQ
— Arvind Kejriwal (@ArvindKejriwal) June 19, 2026
NTA ने भी छात्रों से की अपील
इससे पहले राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने भी NEET-UG 2026 री-एग्जाम में शामिल होने वाले छात्रों के लिए एक संदेश जारी किया था। एजेंसी ने छात्रों से शांत रहने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की। NTA ने कहा, “परीक्षा अब केवल तीन दिन दूर है। आपने कड़ी मेहनत की है, तैयारी की है और अब समय है कि आप अपनी मेहनत पर भरोसा करें। शांत रहें, पर्याप्त आराम करें और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करें।”
अफवाहों से दूर रहने की सलाह
NTA ने स्पष्ट किया कि परीक्षा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 21 जून को ही आयोजित होगी और किसी भी प्रकार के स्थगन की अफवाहों पर ध्यान नहीं दिया जाना चाहिए। एजेंसी ने कहा, “सोशल मीडिया पर चल रही अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं से प्रभावित न हों। केवल NTA की आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करें।”
पेपर लीक के आरोपों के बाद हो रही री-एग्जाम
गौरतलब है कि पिछले महीने आयोजित NEET परीक्षा को प्रश्नपत्र लीक होने के आरोपों के बाद रद्द कर दिया गया था। इसके बाद संबंधित अधिकारियों ने निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए 21 जून को पुनः परीक्षा कराने का निर्णय लिया। NTA का कहना है कि पिछली परीक्षा से मिले अनुभवों के आधार पर इस बार सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को और मजबूत किया गया है ताकि सभी अभ्यर्थियों को निष्पक्ष माहौल मिल सके।
Add GTC Bharat on Google