नई दिल्ली: NEET-UG 2026 की पुनर्परीक्षा से ठीक पहले केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने देशभर के लाखों छात्रों को शुभकामनाएं देते हुए उनसे बिना किसी डर और चिंता के परीक्षा देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA), राज्य सरकारों और जिला प्रशासन ने परीक्षा के सुचारू एवं निष्पक्ष आयोजन के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की हैं।
धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि आज आयोजित हो रही NEET-UG पुनर्परीक्षा में करीब 22 लाख छात्र-छात्राएं शामिल हो रहे हैं। उन्होंने छात्रों से कहा, "बिना किसी भय और चिंता के परीक्षा में बैठें। आपने मेहनत की है और निश्चित रूप से अच्छा प्रदर्शन करेंगे।"
"भारत की नई पीढ़ी के भविष्य को दांव पर न लगाएं"
शिक्षा मंत्री ने कहा कि उन्हें NTA, राज्य सरकारों, जिला प्रशासन और देश की शिक्षा व्यवस्था पर पूरा भरोसा है। उन्होंने कहा कि छात्रों का भारत की परीक्षा प्रणाली पर विश्वास बना रहना चाहिए और इस विश्वास को किसी भी कीमत पर कमजोर नहीं होने देना चाहिए।
उन्होंने समाज और राजनीतिक दलों से भी अपील की कि वे छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ न करें। प्रधान ने कहा, "भारत की नई पीढ़ी के भविष्य को दांव पर न लगाएं। ऐसा कोई कार्य न करें जिससे बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य पर नकारात्मक प्रभाव पड़े।"
#WATCH | Delhi: On the NEET-UG Re-Examination, Union Education Minister Dharmendra Pradhan says, "NEET-UG re-examination is going to take place today. I have complete faith in the NTA, all the state governments, the district administrations, the Indian education sector, and… pic.twitter.com/nZe8IKJamA
— ANI (@ANI) June 21, 2026
धमेंद्र प्रधान ने बिना नाम लिए विरोधियों पर साधा निशाना
हालांकि शिक्षा मंत्री ने किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन अपने बयान में उन लोगों पर निशाना साधा जिन्होंने परीक्षा प्रक्रिया को लेकर लगातार विवाद खड़ा किया। उन्होंने कहा कि कुछ तथाकथित जिम्मेदार लोगों ने अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए छात्रों को परेशान करने का काम किया है।
NEET पेपर लीक मामले की जांच CBI जारी है
केंद्रीय मंत्री ने यह भी जानकारी दी कि CBSE की पुनर्मूल्यांकन, पुनर्गणना और सत्यापन प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है और शेष परिणाम जल्द जारी किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि लगभग 17 लाख विद्यार्थियों में से 15.5 लाख छात्रों के परिणाम पहले ही घोषित किए जा चुके हैं। गौरतलब है कि NEET-UG 2026 परीक्षा को पेपर लीक के आरोपों के बाद रद्द कर दिया गया था। इसके बाद केंद्र सरकार और NTA ने दोबारा परीक्षा कराने का फैसला लिया। मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) कर रही है और अब तक कई गिरफ्तारियां हो चुकी हैं।
इस बार पहले से अधिक मजबूत है सुरक्षा व्यवस्था
इस बार परीक्षा के लिए सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया गया है। देश के 551 शहरों में स्थित 5,440 परीक्षा केंद्रों पर 22.79 लाख से अधिक अभ्यर्थियों के शामिल होने की उम्मीद है। इसके अलावा विदेशों में भी 14 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
Add GTC Bharat on Google