नई दिल्ली: राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने NEET (UG) 2026 री-एग्जाम को सुरक्षित और निष्पक्ष तरीके से आयोजित करने के लिए भारत में टेलीग्राम प्लेटफॉर्म की पहुंच को 22 जून 2026 तक अस्थायी रूप से प्रतिबंधित कर दिया है। यह निर्णय परीक्षा के दिन और उसके तुरंत बाद कथित पेपर लीक से जुड़े फर्जी दावों तथा संगठित धोखाधड़ी नेटवर्क पर रोक लगाने के उद्देश्य से लिया गया है।
इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) ने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) और उच्च शिक्षा विभाग की सिफारिशों के आधार पर यह निर्देश जारी किए हैं। NTA के अनुसार, यह कार्रवाई सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 की धारा 69A के तहत की गई है।
टेलीग्राम के कुछ फीचर्स का इस्तेमाल गिरोह करता है
NTA ने बताया कि टेलीग्राम के कुछ फीचर्स का उपयोग कथित तौर पर ऐसे गिरोहों द्वारा किया जा रहा था, जो परीक्षा समाप्त होने के बाद पुराने संदेशों को संपादित कर वास्तविक प्रश्नपत्र जोड़ देते थे और फिर उसे परीक्षा से पहले पेपर लीक होने के कथित सबूत के रूप में प्रसारित करते थे। इसी को ध्यान में रखते हुए MeitY ने टेलीग्राम को भारत में पहले से पोस्ट किए गए संदेशों के लिए मैसेज एडिटिंग फीचर भी 30 जून 2026 तक निष्क्रिय करने का निर्देश दिया है।
The National Testing Agency (NTA) has welcomed the Ministry of Electronics and IT's directions restricting Telegram access in India until June 22, 2026, ahead of the NEET (UG) 2026 re-examination on June 21 pic.twitter.com/TkCFPQjl29
— IANS (@ians_india) June 16, 2026
21 जून को आयोजित NEET री-एग्जाम को ध्यान में रखकर लिया फैसला
NTA ने कहा कि ये दोनों कदम सीमित अवधि और विशेष उद्देश्य के लिए उठाए गए हैं। एजेंसी के मुताबिक, 21 जून 2026 को होने वाली NEET (UG) री-एग्जाम में शामिल होने वाले छात्रों को धोखाधड़ी और फर्जी पेपर लीक दावों से बचाने के लिए यह कदम आवश्यक समझा गया। इससे पहले भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (आई4सी) और विभिन्न राज्यों की कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने कई फर्जी टेलीग्राम चैनलों, ग्रुप्स और बॉट्स के खिलाफ कार्रवाई की थी। बिहार, गुजरात और राजस्थान की एजेंसियों ने ऐसे कई चैनलों की पहचान की थी, जो छात्रों और अभिभावकों से हजारों से लेकर लाखों रुपये तक की मांग कर रहे थे।
टेलीग्राम के 8 चैनल्स का संचालकों की हुई गिरफ्तारी
हाल ही में अहमदाबाद साइबर क्राइम शाखा ने एक अंतर्राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए आठ ऐसे चैनल्स का संचालन करने वाले आरोपियों को गिरफ्तार किया था। जांच में लगभग 1.5 करोड़ रुपये के लेन-देन का पता चला था। NTA ने स्पष्ट किया कि चैनल-दर-चैनल कार्रवाई के बावजूद पर्याप्त सहयोग नहीं मिलने के कारण यह अस्थायी प्लेटफॉर्म-स्तरीय प्रतिबंध अंतिम विकल्प के रूप में लागू किया गया।
एजेंसी ने यह भी माना कि इस फैसले से टेलीग्राम का वैध और नियमित उपयोग करने वाले लाखों लोगों को असुविधा हो सकती है। हालांकि, उसने दोहराया कि परीक्षा सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सुरक्षित है और प्रश्नपत्र निर्धारित सुरक्षा श्रृंखला के बाहर उपलब्ध नहीं है। NTA के अनुसार, NEET (UG) 2026 की पुनर्परीक्षा 21 जून को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित की जाएगी।
Add GTC Bharat on Google