मुंबई: हिंदी सिनेमा की सबसे लोकप्रिय और सफल फिल्मों में शुमार 'गदर: एक प्रेम कथा' ने अपने 25 वर्ष पूरे कर लिए हैं। इस खास मौके पर फिल्म की पूरी टीम एक साथ नजर आई, जहां मुख्य कलाकार सनी देओल, अमीषा पटेल और निर्देशक अनिल शर्मा ने फिल्म की सिल्वर जुबली का जश्न मनाया। मुंबई में आयोजित इस विशेष समारोह में फिल्म से जुड़े कलाकारों और तकनीकी टीम ने फिल्म की यादों को ताजा किया।
कार्यक्रम में सनी देओल और अमीषा पटेल ने साथ में तस्वीरें खिंचवाईं, जिसने प्रशंसकों को एक बार फिर तारा सिंह और सकीना की याद दिला दी। फिल्म के सुपरहिट गीतों को अपनी आवाज देने वाले प्रसिद्ध गायक उदित नारायण भी समारोह में शामिल हुए।

कार्यक्रम में शामिल हुईं कई बड़ी हस्तियाँ
इसके अलावा फिल्म निर्माता मधुर भंडारकर, अभिनेता मुश्ताक खान और उत्कर्ष शर्मा भी इस जश्न का हिस्सा बने।

अमीषा पटेल गोल्डन लहंगे में बेहद आकर्षक नज़र आईं
समारोह के दौरान सनी देओल ने एक विशेष चॉकलेट केक काटा। इस दौरान पूरी टीम ने तालियों और उत्साह के साथ उनका स्वागत किया। वहीं अमीषा पटेल गोल्डन लहंगे में बेहद आकर्षक नजर आईं।


सनी देओल ने इंस्टाग्राम पर साझा की ख़ुशी
इससे पहले सनी देओल ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर फिल्म के 25 साल पूरे होने की ख़ुशी साझा की। उन्होंने फिल्म और अपने प्रतिष्ठित किरदार तारा सिंह को मिले प्यार के लिए प्रशंसकों का आभार जताया।
सनी देओल ने लिखा, "25 साल पहले 'गदर' और तारा सिंह ने आपके दिलों पर राज किया था। 25 साल से प्यार के रिश्ते की गाड़ी चल रही है और आगे भी चलती रहेगी। आप सभी का धन्यवाद, जिन्होंने हमें इतना प्यार दिया और अपने दिलों में जगह दी।" उन्होंने फिल्म के कई यादगार दृश्य भी साझा किए, जिन्होंने दर्शकों को साल 2001 की यादों में पहुंचा दिया।
दिवंगत अभिनेता अमरीश पुरी ने निभाई थी अहम भूमिका
निर्देशक अनिल शर्मा की इस फिल्म में सनी देओल और अमीषा पटेल के साथ दिवंगत अभिनेता अमरीश पुरी ने भी अहम भूमिका निभाई थी। भारत-पाकिस्तान विभाजन की पृष्ठभूमि पर आधारित इस फिल्म में तारा सिंह और सकीना की प्रेम कहानी दिखाई गई थी, जिसने करोड़ों दर्शकों का दिल जीत लिया था।
25 साल बाद भी फिल्म का जादू क़ायम
रिलीज के बाद 'गदर: एक प्रेम कथा' भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्मों में शामिल हो गई और आज भी इसकी लोकप्रियता बरकरार है। फ्रेंचाइजी की दूसरी फिल्म 'गदर-2' 11 अगस्त 2023 को रिलीज हुई थी। इस फिल्म को भी दर्शकों से शानदार प्रतिक्रिया मिली थी और इसने बॉक्स ऑफिस पर बड़ी सफलता हासिल की थी। 25 साल बाद भी 'गदर' का जादू दर्शकों के सिर चढ़कर बोल रहा है और तारा सिंह-सकीना की प्रेम कहानी आज भी लोगों के दिलों में जिंदा है।
Add GTC Bharat on Google