GTC पंजाबी: पंजाबी संगीत के नए सितारे को मिल गया है। मोगा के धर्मकोट निवासी सुमीत ने GTC पंजाबी के म्यूजिकल रियलिटी शो ‘सुरताज ऑफ पंजाब’ का खिताब अपने नाम कर लिया है। शनिवार को आयोजित ग्रैंड फिनाले में अलग-अलग राउंड में शानदार प्रस्तुतियों के बाद विजेताओं के नामों का ऐलान किया गया।

सुमीत ने अपनी बेहतरीन गायकी से जजों और दर्शकों का दिल जीतते हुए पहला स्थान हासिल किया। उन्हें 3.50 लाख रुपये की पुरस्कार राशि से सम्मानित किया गया। वहीं फगवाड़ा के मनप्रीत सिंह दूसरे स्थान पर रहे और उन्हें 1 लाख रुपये का पुरस्कार मिला। तीसरे स्थान पर अमृतसर के नंद दिलदार और सन्नी बल संयुक्त रूप से रहे। दोनों विजेताओं को 25-25 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी गई।

आठ फाइनलिस्ट के बीच हुआ कड़ा मुकाबला

‘सुरताज ऑफ पंजाब’ का ग्रैंड फिनाले शनिवार को GTC पंजाबी की ओर से आयोजित किया गया। लंबे और रोमांचक संगीत सफर के बाद शो के आठ बेहतरीन फाइनलिस्ट चुने गए थे। फिनाले में सभी प्रतिभागियों ने अलग-अलग राउंड में अपनी गायकी का हुनर दिखाया।

शो के जज जयदेव कुमार, गुरमीत सिंह और ज्योतिका टांगरी ने प्रतिभागियों की प्रतिभा को अलग-अलग कसौटियों पर परखा। फाइनलिस्ट ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से जजों और दर्शकों को प्रभावित किया।

बठिंडा से शुरू हुआ था सफर

‘सुरताज ऑफ पंजाब’ की शुरुआत पंजाब के प्रतिभाशाली कलाकारों को एक मजबूत मंच देने के उद्देश्य से की गई थी। इस संगीत सफर की शुरुआत बठिंडा में हुए ऑडिशन से हुई। इसके बाद अमृतसर, जालंधर, लुधियाना, पटियाला और चंडीगढ़ में भी ऑडिशन आयोजित किए गए, जहां हजारों उम्मीदवारों ने अपनी गायकी का हुनर दिखाया।

ऑडिशन के बाद शानदार प्रदर्शन करने वाले 32 प्रतिभागियों को स्टूडियो राउंड के लिए चुना गया। अलग-अलग चरणों से गुजरते हुए प्रतिभागियों ने अपनी गायकी, रचनात्मकता और संगीत के प्रति समर्पण का प्रदर्शन किया।

ये रहे शो के जज

शो के जज पैनल में मशहूर संगीतकार जयदेव कुमार, म्यूजिक डायरेक्टर गुरमीत सिंह और बॉलीवुड-पॉलीवुड की प्रसिद्ध प्लेबैक सिंगर ज्योतिका टांगरी शामिल रहीं। उन्होंने प्रतिभागियों की प्रतिभा को परखने के साथ-साथ उन्हें अपने अनुभव और मार्गदर्शन से आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित भी किया।

शो के दौरान पंजाबी संगीत और मनोरंजन जगत की कई जानी-मानी हस्तियों ने भी अपनी मौजूदगी से मंच की शोभा बढ़ाई। इनमें पद्मश्री हंसराज हंस, बीबी रणजीत कौर, जसबीर जस्सी, पम्मी बाई, लहिंबर हुसैनपुरी, बीर सिंह, सपना चौधरी, सिमरन भारद्वाज, अख्तर ब्रदर्स, कंठ कलेर, फिरोज खान, आतिश, बलकार अणखीला और मनजिंदर गुलशन समेत कई कलाकार शामिल रहे।

नए कलाकारों को मिलेगा बड़ा मंच

‘सुरताज ऑफ पंजाब’ में चुने गए प्रतिभागियों ने GTC के साथ एक विशेष समझौता भी किया है। इसके तहत आने वाले समय में वे GTC पंजाबी के अलग-अलग शो और नए म्यूजिकल प्रोजेक्ट्स का हिस्सा बनेंगे।

GTC नेटवर्क के फाउंडर, एमडी और प्रेसिडेंट रबिंदर नारायण ने कहा कि ‘सुरताज ऑफ पंजाब’ जैसी पहल का उद्देश्य पंजाब के प्रतिभाशाली कलाकारों को मजबूत मंच देना है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसे प्रयास जारी रहेंगे, ताकि नए कलाकार अपनी अलग पहचान बना सकें और पंजाब की समृद्ध संगीत विरासत को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाया जा सके।

वहीं GTC नेटवर्क की को-फाउंडर और सीईओ पल्लवी श्रीवास्तव ने कहा कि ‘सुरताज ऑफ पंजाब’ सिर्फ एक रियलिटी शो नहीं, बल्कि पंजाब की बेहतरीन संगीत प्रतिभा को राष्ट्रीय और वैश्विक मंच तक ले जाने की महत्वपूर्ण पहल है। उनका कहना है कि उद्देश्य केवल एक विजेता चुनना नहीं, बल्कि हर प्रतिभाशाली कलाकार को अपने सपनों को नई उड़ान देने का अवसर प्रदान करना है।

मोगा के सुमीत की इस जीत के साथ ‘सुरताज ऑफ पंजाब’ का पहला संगीत सफर शानदार अंदाज में पूरा हुआ और पंजाब को एक और नई संगीत प्रतिभा मिली।